बूंदी। कोटा में आयोजित होने वाले श्री धाकड़ महासभा के राष्ट्रीय अधिवेशन की तैयारियां जोरों पर हैं। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री और मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को विशेष आमंत्रण दिया गया है।
किराड़ क्षत्रिय महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री रामकुमार मेहता, धाकड़ युवा संघ के प्रदेश अध्यक्ष संजय धाकड़ और धाकड़ महासभा महिला इकाई की राष्ट्रीय अध्यक्ष मोना सुस्तानी सहित एक प्रतिनिधिमंडल ने भोपाल में शिवराज सिंह के आवास पर जाकर उन्हें निमंत्रण दिया। इस दौरान शिवराज सिंह की पत्नी साधना सिंह, जो किराड़ महासभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं और युवा संघ अध्यक्ष रणजीत सिंह भी उपस्थित थे।
8 और 9 फरवरी को होने वाले इस राष्ट्रीय अधिवेशन में देशभर से हजारों धाकड़ समाज के लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के नेतृत्व में कार्यक्रम की तैयारियां चल रही हैं। अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए राजस्थान और मध्य प्रदेश के धाकड़ बहुल गांवों और कस्बों में प्रचार सामग्री का वितरण किया जा चुका है।