बीकानेर। प्रदेश के सीएम भजनलाल शर्मा को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी देने वाला बीकानेर सेंट्रल जेल का बंदी है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी अनुसार- बंदी आदिल पाली का है। उसे कुछ समय पहले ही बीकानेर सेंट्रल जेल शिफ्ट किया गया था। उसने दो दिन पहले एक मोबाइल से सीएम को जान से मारने की धमकी दी थी। मामले की जांच करते हुए पुलिस बीकानेर जेल तक पहुंची। सर्च के दौरान आदिल से मोबाइल बरामद हुआ है। गिरफ्तार आदिल के पास मोबाइल कैसे पहुंचा? इसकी छानबीन अब की जा रही है।
बीकानेर जेल और पुलिस ने संयुक्त रूप से इस कार्रवाई को अंजाम दिया है। बंदी की मानसिक हालत ठीक नहीं है और वो पहले भी अपने हाथों की नसें काट चुका है। उसने डिप्टी सीएम को फोन क्यों किया और मोबाइल किसने उपलब्ध कराया? इसका पता लगाया जा रहा है। जेल अधीक्षक सुमन मालीवाल ने मीडिया को बताया कि जेल पुलिस ने अपने स्तर पर ही सर्च अभियान चलाकर आदिल को गिरफ्तार किया है। इस संबंध में आईजी ओमप्रकाश पासवान और एसपी कावेंद्र सिंह सागर से बातचीत का प्रयास किया गया लेकिन उन्होंने बात नहीं की।
सीएम भजनलाल शर्मा को अब तक तीन बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। इससे पूर्व 1 महीने पहले 21 फरवरी 2025 की रात 12 बजकर 45 मिनट पर दौसा के श्यालवास सेंट्रल जेल से धमकी दी थी। सेंट्रल जेल से आरोपी ने जयपुर पुलिस कंट्रोल रूम को कॉल कर कहा था- आज रात (22 फरवरी) 12 बजे से पहले मार दूंगा। इसके बाद इसी रात 12 बजकर 55 मिनट पर धमकी भरा दूसरा कॉल गया था।