उदयपुर। जिले में धानमंडी थाना क्षेत्र के नेहरू बाजार में 4 दिन पहले हुई चाकूबाजी की घटना का एक सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें आरोपी लात-घूसों से मारपीट और पत्थरबाजी करते नजर आ रहे हैं। करीब 4 से 5 मिनट तक यह घटनाक्रम चला।
वीडियो 24 मार्च की सुबह 11:30 बजे का है जब बाइक टच होने की बात को लेकर दो पक्षों के युवकों में आपस में झगड़ा हो गया था। दोनों पक्षों में बहस के बाद मामला शांत हो गया। आरोपी वहां से चले गए थे लेकिन वे अपने 6-7 साथियों को लेकर वापस घटना स्थल पहुंचे और चाकूबाजी की घटना को अंजाम दिया।
आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया था जिसमें 3 युवक घायल हो गए थे। घटना के तुरंत बाद नेहरू बाजार के आसपास की दुकानें बंद करा दी गई और माहौल बिगड़ता देख करीब 5 पुलिस थानों का जाब्ता मौके पर लगाना पड़ा था। पुलिस ने मामले में दो दिन पहले 7 आरोपियों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया था। जिन्हें पाबंद करके छोड़ दिया गया।