धौलपुर। आशा कर्मचारी संघ ने स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर को 7 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। मांग पत्र आशा कर्मचारी संघ की जिला अध्यक्ष सुमन शर्मा के नेतृत्व में भारतीय मजदूर संघ के बैनर तले अग्रसेन धर्मशाला में आयोजित अधिवेशन में दिया गया। आशा कार्यकर्ताओं की प्रमुख मांगों में मासिक मानदेय 18,000 रुपए करना, उन्हें राज्य कर्मचारी का दर्जा देना और सेवानिवृत्ति पर पेंशन की सुविधा शामिल है। साथ ही उन्होंने आयुष्मान कार्ड बनाने और वितरण का भुगतान करने की मांग की है।
कार्यकर्ताओं ने अपना पदनाम बदलकर सहायक एएनएम करने और कार्य अनुभव के आधार पर एएनएम में पदोन्नति की मांग भी रखी। इसके अलावा सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपए की सहायता राशि देने का प्रस्ताव भी रखा गया। कार्यक्रम में आशा कर्मचारी संघ की जिला अध्यक्ष सुमन शर्मा, आशा कार्यकर्ता बबीता, माया, राधा श्रीवास्तव, मनीषा, चमेली, पुष्पा, अनीता और शोभा उपस्थित थीं। भारतीय मजदूर संघ की जिला अध्यक्ष सरिता बंसल, सह प्रभारी महेंद्र गुजर, पवन तिवारी और धर्मेंद्र त्यागी भी मौजूद रहे।