पुस्तकालय में हिन्दी दिवस मनाया
शिवगंज। नगर के सुभाष नगर स्थित राजकीय सार्वजनिक पंचायत समिति पुस्तकालय में शनिवार को हिन्दी दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, हिन्दी के विद्वान जुजार सिंह परिहार ने कहा कि, हिन्दी एक वैज्ञानिक भाषा है। साहित्य से सिनेमा तक इस भाषा की धूम है। हिन्दी, संस्कृत की उत्तराधिकारिणी है। परिहार ने अपने उद्बोधन में बताया कि, आजादी के आन्दोलन में हिन्दी के योगदान को भुलाया नही जा सकता। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के विदेश मंत्री रहते, संयुक्त राष्ट्र संघ में हिन्दी में दिए गए वक्तव्य का जिक्र किया पुस्तकालयाध्यक्ष सोमप्रसाद साहिल ने बताया कि विशिष्ट अतिथि के रूप में पुस्तकालय के वरिष्ठ पाठक सेवानिवृत सारजेंट बसन्त गेहलोत एवं सेवानिवृत बैंक मैनेजर छगन लाल सुथार उपस्थित थे।
गेहलोत ने इस अवसर पर कहा कि, हिन्दी भाषा हमको हमारी विरासत से जोड़ती है। सुथार ने कहा कि हिन्दी का अधिकाधिक प्रयोग ही इसे अपना उचित स्थान दिलवा सकता है। युवा पाठक प्रशिक गजभिये ने, तकनीकी माध्यमों में हिन्दी के प्रयोग को बढ़ाने की बात कही। कार्यक्रम का संचालन पुस्तकालयाध्यक्ष साहिल ने किया। इस अवसर पर पर्यावरण ब्रांड एम्बेसडर ओमप्रकाश कुमावत, वरिष्ठ पाठक रमेश सोलंकी, नरेन्द्र मीणा, होमगार्ड पुखराज मीणा, पाठक सुनीत जगदीश कुमार, मनोज कुमार आदि उपस्थित थे।