Explore

Search

July 7, 2025 2:46 pm


डॉक्टर से कहा X-Ray लिख दो, तो थप्पड़ मार दिया : भरतपुर के RBM हॉस्पिटल में घटना; PMO बोले- गाली-गलौज की

Picture of Pankaj Garg

Pankaj Garg

सच्ची निष्पक्ष सटीक व निडर खबरों के लिए हमेशा प्रयासरत नमस्ते राजस्थान

भरतपुर एक्सीडेंट के बाद जब घायल को लेकर अटेंडेंट हॉस्पिटल पहुंचा तो उसे दवा के बदले थप्पड़ खाना पड़ा। अटेंडेंट खुद भी हादसे का शिकार हुआ था और उसके हाथ में दर्द था। डॉक्टर से कहा कि पर्ची पर एक्सरे लिख दीजिए तो गुस्साए डॉक्टर ने उसे तमाचा जड़ दिया। मामला भरतपुर के आरबीएम हॉस्पिटल का है। घटना इमरजेंसी वार्ड में रविवार रात 9 बजे हुई।

भरतपुर के उद्योगनगर थाना इलाके के गांव मोरोली निवासी प्रहलाद सिंह (27) ने बताया- कल (रविवार) को मैं और मेरा चचेरा भाई राजकुमार (29) एक दोस्त की बहन के लिए लड़का देखने सेवर थाना इलाके के गुड़ला गांव गए थे। वहां से बाइक से गांव लौट रहे थे। राजकुमार बाइक चला रहा था। रात के 8 बजे रहे थे।

घर से कुछ किलोमीटर पहले अवार गांव के पास दो गायें लड़ते हुए बाइक के सामने आ गई। बाइक बेकाबू होकर गिर गई। राजकुमार को ज्यादा चोटें आईं। मुझे हाथ में हल्की चोट लगी। मैंने खुद को संभाला। बाइक उठाई और राजकुमार को बाइक पर लेकर रात 9 बजे तक भरतपुर के आरबीएम हॉस्पिटल पहुंच गया।

वहां मैंने राजकुमार के नाम के पर्ची कटाई। मैंने सोचा कि पहले राजकुमार भर्ती हो जाए। इसके बाद मैं अपने इलाज का देख लूंगा। उसे भर्ती कराने के बाद मैंने अपनी स्लिप बनवाई और डॉक्टर अभिषेक के पास पहुंचा। कहा- साहब मेरा भी हाथ काम नहीं कर रहा है। पर्ची पर एक्स-रे लिख दो।

डॉक्टर ने कहा- अरे जा, पीछे लाइन में लग जा। मैंने कहा- मुझे ज्यादा दर्द हो रहा है। इतना कहते ही डॉक्टर ने मेरे गाल पर जोरदार तमाचा मार दिया। मैंने डॉक्टर से ऐसा कुछ नहीं कहा था जिस पर वो इतना भड़के। थप्पड़ मारकर डॉक्टर ने कहा- चल निकल यहां से। तेरे लिए बैठे हैं क्या यहां। पीछे जाकर लाइन में लग जा।

वहां काफी लोग थे। मैंने गार्ड को बुलाया। इतनी देर में डॉक्टर वहां से भाग गया और दूसरा व्यक्ति उसकी जगह आकर बैठ गया।

स्टाफ ने गुमराह किया

प्रहलाद ने बताया- जब डॉक्टर ने मुझे थप्पड़ मारा तो वहां काफी लोग इकट्ठे हो गए। इसके बाद डॉक्टर वहां से फरार हो गया। जब मैंने इमरजेंसी के स्टाफ और गार्ड से डॉक्टर का नाम पूछा तो वे मुझे गुमराह करते रहे। मुझे डॉक्टर का नाम कभी कुलदीप बताया तो कभी कुछ और। मुझे सोमवार सुबह पता लगा कि डॉक्टर का नाम अभिषेक था।

अस्पताल के PMO बोले- गाली-गलौज की

इस मामले में सोमवार सुबह आरबीएम अस्पताल के PMO नगेन्द्र भदौरिया से बात की। उनका कहना है- हां, ये मामला सामने आया है। जानकारी की तो पता चला कि अटेंडेंट ने डॉक्टर से गाली-गलौज की थी। इसी वजह से घटना हुई है। बाकी कोई दिक्कत नहीं है। उसके साथ वाले मरीज (राजकुमार) का इलाज अब भी हॉस्पिटल में हो रहा है।

हालांकि घटना के बाद से डॉक्टर अभिषेक सामने आने को तैयार नहीं है और अस्पताल प्रबंधन घटना के वक्त का सीसीटीवी भी मुहैया नहीं करा रहा है। प्रहलाद का कहना है कि उसने लिखित में अस्पताल प्रबंधन को शिकायत दी थी। प्रहलाद और राजकुमार RCC लेंटर डालने का काम करते हैं।

बता दें कि हॉस्पिटल में अटेंडेंट के साथ मारपीट का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले जुलाई में भी एक अटेंडेंट के साथ मारपीट की घटना हुई थी।

Author: JITESH PRAJAPAT

Leave a Comment

Ads
Live
Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर