जयपुर। जिले में एक युवक की हत्या का मामला सामने आया है। दोस्तों के साथ पार्टी के दौरान यह हादसा हुआ। इलाज के दौरान एडमिट युवक ने मरने से पहले पेट्रोल डालकर आग लगने का आरोप लगाया है। बगरू थाना पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव को हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस ने बताया- मृतक राजेश गुर्जर (26) भरतपुर का रहने वाला है। वह अभी बगरू के बेगस में रह रहा था। घटनाक्रम के मुताबिक, गुरुवार शाम वह अपने दोस्त हरिमोहन और मनोज के साथ पार्टी करने निकला था। रात करीब 7 बजे बोराज रोड पर रघु बिहार कॉलोनी में बैठे होने के दौरान सर्दी के कारण अलावा जला रखा था। अलावा के चपेट में आने के चलते राजेश जल गया। आग की लपटों में झुलसते राजेश को देखकर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए। भीड़ को देखकर दोनों दोस्त वहां से भाग निकले। लोगों ने आग बुझाकर राजेश को एम्बुलेंस की मदद से हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। हॉस्पिटल में इलाज के दौारान शुक्रवार सुबह उसकी मौत हो गई।
वीडियो में लगाया हत्या का आरोप
हॉस्पिटल में एडमिट के दौरान परिजनों ने उसका वीडियो बनाया। वीडियो में उसने बताया कि वह पार्टी करने अपने दोस्त हरिमोहन और मनोज के साथ गया था। पेट्रोल डालकर उसको आग लगाकर दोनों भाग गए। किस कारण उन्होंने ऐसा किया, उसके बारे में उसको पता नहीं। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों आरोपी दोस्तों को रांउडअप कर लिया है। डीसीपी (वेस्ट) अमित कुमार ने बताया कि मामले सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। राजेश के दोनों दोस्तों को हिरासत में लिया गया है। जल्द मामले का खुलासा किया जाएगा।