सवाई माधोपुर। जिले में डॉ. भीमराव अंबेडकर को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की टिप्पणी के खिलाफ मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने विरोध-प्रदर्शन किया। सभी कांग्रेसी अंबेडकर सर्किल पर एकत्रित हुए। जहां उन्होंने पहले बाबा साहेब अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, फिर धरना दिया। जिसके वहां से पैदल मार्च करते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे। सभी ने अमित शाह के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं, अमित शाह को गृह मंत्री पद से बर्खास्त करने की भी मांग की है।
संसद में बोली एक लाइन हुई शेयर
दरअसल, शीतकालीन सत्र के दौरान संसद में संविधान पर चर्चा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने अपने भाषण के बीच एक लाइन बोली थी, जो सोशल मीडिया पर वायरल की गई थी। उन्होंने कहा था कि “अभी एक फैशन हो गया है.. आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर, आंबेडकर। इतना नाम अगर भगवान का लेते तो 7 जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता।” इससे पहले उन्होंने कहा था कि कांग्रेस सिर्फ आंबेडकर का नाम लेती है लेकिन काम बिल्कुल उलट करती है। मगर उनके भाषण के पहले हिस्से की क्लिप अगले दिन विपक्ष ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए उसे डॉक्टर आंबेडकर के लिए अपमानजनक बताया और गृह मंत्री से इस्तीफ़े की मांग की। इस दौरान भारी संख्या में पुलिस बल भी तैनात था।
कलेक्ट्रेट पर किया प्रदर्शन
इसी के चलते मंगलवार को भी सवाई माधोपुर में सभी कांग्रेसी पहले अंबेडकर सर्किल पर एकत्रित हुए और धरना दिया। धरने के दौरान कांग्रेस जिला अध्यक्ष गिर्राज सिंह गुर्जर ने कहा कि बाबा साहब संविधान निर्माता ही नहीं अपितु भारत राष्ट्र के निर्माता है। जिन्होंने भारत के गरीब मजदूर किसान एंव गांव के हर पिछड़ा व्यक्ति को सम्मान का दर्जा देने के लिए एवं उन्हें न्याय मिले उसके लिए एक मजबूत संविधान का निर्माण किया, बाबा साहब को भारत देश याद करता रहेगा। बाबा साहेब के प्रति देश के गृहमंत्री ने जो असम्मान जनक व आपत्तिजनक टिप्पणियां की है। इससे राष्ट्र के लोगों को दुख पहुंचा है उसके लिए राष्ट्रपति, गृहमंत्री से इस्तीफा ले। इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता मनीष जैन ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशन में आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से गृह मंत्री अमित शाह को बर्खास्त करने की मांग की है, इसलिए उनके नाम जिला कलेक्टर शुभम चौधरी को ज्ञापन सौंपा गया है।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता डॉ सुमित गर्ग ने कहा कि गृहमंत्री ने जिस तरह से बाबा साहेब अंबेडकर पर टिप्पणी की है, उससे पूरा देश नाराज है, विरोध कर रहे है। गृह मंत्री अमित शाह ने अशोभनीय टिप्पणी लोकसभा में की है। उन्हें बर्खास्त किया जाना चाहिए। ऐसी टिप्पणी हम बर्दाश्त नहीं कर सकते।