हनुमानगढ़। जिले के नोहर में गली पर कब्जा करने का विरोध करने गई 60 वर्षीय महिला को ट्रैक्टर से टक्कर मार दी गई। घटना मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे की है। घायल महिला कमला देवी ने बताया कि उनके दोनों बेटों विनोद और पुरुषोत्तम के मकान पास-पास हैं। उनके सामने पड़ोसी सुभाष गोदारा का मकान है। सुभाष का बेटा राजेश गली में दीवार बनाकर कब्जा करने का प्रयास कर रहा था।
कमला देवी ने जब ट्रैक्टर रोकने की कोशिश की तो राजेश ने ट्रैक्टर नहीं रोका और टक्कर मार दी। इससे वह सड़क पर गिर गईं और उनके पैर में चोट आई। इस दौरान सुभाष गोदारा और दीपक ने महिला और उसके बेटों के साथ हाथापाई भी की। घायल महिला को उसके बेटे नोहर के राजकीय उप जिला अस्पताल लेकर आए। पुलिस ने महिला के बयान पर तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच हेड कॉन्स्टेबल बजरंग लाल को सौंपी गई है।