उदयपुर। नगर निगम ने आज यूडी टैक्स जमा नहीं कराने पर उदयपुर में तीन तीन प्रतिष्ठानों को सीज कर दिया। इनसे करीब 24 लाख रुपए का यूडी टैक्स बकाया है। नगर निगम टैक्स को लेकर लगातार कार्रवाई कर रहा है। नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश ने बताया कि पर नगरीय विकास कर वसूलने को लेकर आज शहर में 3 प्रतिष्ठानों को सीज किया गया। गुरुवार को सब सिटी सेंटर स्थित होटल वेस्ट वुड जिसका नगरीय विकास कर कुल 7,38,007 रुपए बकाया था उसे सीज किया गया।
नगर निगम राजस्व अधिकारी नितेश भटनागर ने बताया कि न्यू माली कॉलोनी नागदा भवन स्थित वाटिका जिसका 8,99,474 रुपए का नगरीय विकास कर बकाया था उसे भी सीज किया गया। वहीं तोरण बावड़ी स्थित व्यवसायिक भवन में संचालित कार डेकोर को भी सीज किया गया। इसका 6,89,177 रुपए का यूडी टैक्स बाकी है। उन्होंने बताया कि बकाया टैक्स की राशि जमा नहीं कराने से नगर निगम द्वारा इन व्यावसायिक सम्पतियों पर ताला लगा इनकी व्यावसायिक गतिविधियां बन्द कर दी है। इस दौरान भटनागर के साथ सहायक प्रशासनिक अधिकारी विनोद अग्रवाल और पुलिस बल मौजूद रहा। आयुक्त ने कहा कि 31 मार्च तक बकाया यूडी टैक्स जमा जमा करवा कर सरकारी छूट का लाभ ले सकते है।