कोटा। क्लासमेट की धमकियों से तंग आकर खुद पर डीजल छिड़ककर आग लगाने वाली नाबालिग की 17वें दिन मौत हो गई। उसका बर्न वार्ड में इलाज चल रहा था। पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। नाबालिग को धमकाने वाला भी नाबालिग है। मामला कोटा के इटावा थाना इलाके का मंगलवार देर रात का है। इटावा थाना सीआई संदीप विश्नोई ने बताया- परिजनों ने इस संबंध में 8 फरवरी को शिकायत दी थी। नाबालिग का कोटा के एमबीएस अस्पताल में बर्न वार्ड में इलाज चल रहा था। देर रात नाबालिग लड़की की मौत हो गई है। शव का पोस्टमॉर्टम करवाया है। आरोपी लड़का भी नाबालिग है। दोनों एक ही क्लास में पढ़ते हैं। उसने भी घटना से पहले सुसाइड की कोशिश की थी। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।
छात्रा की मां ने बताया उसकी बेटी (16) 11वीं कक्षा में पढ़ती थी। उसकी क्लास में पढ़ने वाला लड़का बेटी को परेशान कर रहा था। 7 फरवरी की बात है। वो खेत पर गई हुई थी। घर में बेटी अकेली थी। पीछे से लड़का घर में आया। उसने बेटी को धमकी दी, बोला कि मुझसे शादी कर ले वरना, मैं तुझे जान से मार दूंगा। नाबालिग की मां ने बताया कि घर लौटने पर बेटी ने सारी बात बताई। उसने बताया कि लड़का उसकी क्लास में ही पढ़ता है। स्कूल आते-जाते समय रास्ता रोककर परेशान करता है। अगले दिन 8 फरवरी को नहाने गई। पीछे से मेरी बेटी ने खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। जैसे तैसे आज को बुझाया और इटावा हॉस्पिटल लेकर गए। प्राथमिक उपचार के बाद उसे कोटा रेफर कर दिया। बेटी के पीठ व कमर का हिस्सा जला था।