जोधपुर। जिले के महात्मा गांधी हॉस्पिटल में एडमिट महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजन और समाज के लोग महात्मा गांधी हॉस्पिटल की मोर्चरी में धरने पर बैठ गए। परिजनों का आरोप है की पूर्व में महिला आसिया बानो (35) ने प्राइवेट क्लीनिक में एक दिन पहले इलाज करवाया था। जहां पर उसे गलत इंजेक्शन लगा दिया था। इसके चलते उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद जोधपुर के महात्मा गांधी अस्पताल लाया गया था। यहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने मौत के बाद धरना देना शुरू कर दिया। उनका आरोप है कि मामले में डायमंड क्लिनिक संचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाए। जिसने महिला को गलत इंजेक्शन लगाया। इसकी वजह से उसकी तबीयत बिगड़ गई और बाद में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इधर महिला की मौत के बाद डॉक्टर के खिलाफ परिजनों की ओर से उदय मंदिर थाने में रिपोर्ट दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं परिजनों के मोर्चरी में धरने पर बैठने की सूचना मिलने के बाद सरदारपुरा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले को लेकर जानकारी ली।