जैसलमेर। जिले में गुरुवार शाम आए आंधी-तूफान ने तबाही मचाई। तेज आंधी से कई गांव-ढाणियों की बत्ती गुल हो चुकी है। वहीं वितरण एवं प्रसारण विभागों को बड़ा नुकसान हुआ है। बताया जा रहा डिस्कॉम के 33 व 11 केवी के कुल 577 पोल गिर चुके हैं। 10 ट्रांसफॉर्मर टावर तबाह हो गए। तूफान के चपेट में आने से डिस्कॉम का भोजका पॉवर हाउस में लगा एक पॉवर ट्रांसफॉर्मर भी धराशायी हो गया है। जिसकी लागत करीब 53 लाख रुपए बताई जा रही है। अंधड़ में जोधपुर डिस्कॉम वितरण विभाग को करीब 1 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। बिजली निगम के प्रसारण निगम को भी इससे बड़ा नुकसान हुआ है। निगम के प्रसारण विभाग के अलग अलग लाइनों के कुल 15 टॉवर गिर चुके हैं। वितरण व प्रसारण निगम के अधिकारी व कर्मचारी मौके पर जुट चुके हैं। डिस्कॉम द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। साथ ही टूटे पोल की जगह पर नए पोल खड़े करके बिजली आपूर्ति सुचारू करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जोधपुर विद्युत वितरण निगम के प्रसारण निगम के चांधन-मोहनगढ़ 132केवी लाइन के 4 टॉवर धराशायी हुए हैं। जिससे मोहनगढ़ सब डिवीजन की बिजली सप्लाई पूरी तरह से बंद हो गई है। मोहनगढ़ सब डिवीजन के अंतर्गत आने वाले 20 से अधिक गांवों व 100 से अधिक ढाणियों व मुरबों की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बंद हो चुकी है। सब डिवीजन के मोहनगढ़, देवा, खींया, सुल्ताना, काकान, अर्जना, नगो की ढाणी, कणौद, बीरमा काणौद, हड्डा, देऊंगा, छह ढाणी, सुथार मंडी, घंटीयाली, पीटीएम, सोहाड़ी व 100 आरडी सहित अन्य कई गांवों व 100 से अधिक ढाणियों की बत्ती गुरुवार शाम से बंद है। हालांकि मोहनगढ़ डिस्कॉम द्वारा इन गांवों में बिजली आपूर्ति सुचारु करने के लिए ऑप्शनल व्यवस्था की जा रही है।
प्रसारण निगम SE जीएल जैन ने बताया कि प्रसारण निगम के कुल 15 टॉवर गिरे: 50 से 60 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से चली आंधी-तूफान में प्रसारण निगम के कुल 15 टॉवर गिर चुके हैं व लाइनें टूट चुकी है। चांधन-मोहनगढ़ 132 केवी के 4 टॉवर, भैंसड़ा-बाड़मेर 400केवी लाइन के 9 टॉवर व माढ़ा अमरसागर आकल 220 केवी के 2 टॉवर धराशायी हुए हैं। अमरसागर आकल 220 केवी लाइन के टॉवर गिरने से विंड व सोलर का बिजली प्रसारण प्रभावित हुआ है। बिजली निगम के वितरण के SE भैराराम चौधरी ने बताया- तूफान की चपेट में आने से जोधपुर डिस्कॉम वितरण निगम को 1 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ हैं। डिस्कॉम के 33 केवी के 27 पोल गिरे है। वहीं 11 केवी के 550 पोल धराशायी हुए है। इसके अलावा भोजका पॉवर हाउस का पॉवर ट्रांसफॉर्मर व अन्य छोटे बड़े 10 ट्रांसफॉर्मर गिरे हैं। डिस्कॉम की टीम मौके पर जुट चुकी है। डिस्कॉम टीमों द्वारा प्रयास किया जा रहा है कि जल्द से जल्द पोल खड़े कर बिजली आपूर्ति सुचारू की जा सके।