करौली। जिले के मुरलीपुरा क्षेत्र स्थित नौल का बाग के पास रामनगर कॉलोनी में पिछले दो माह से पेयजल संकट बना हुआ है। स्थानीय निवासियों ने खाली बर्तनों के साथ प्रदर्शन किया। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जलदाय विभाग के अधिकारी उनकी समस्या की अनदेखी कर रहे हैं। पंप ड्राइवर की मनमानी से वॉल्व बंद करने के कारण कॉलोनी के पिछले हिस्से में पानी नहीं पहुंच पाता है।
रामनगर के रोशन प्रजापत, रमेश प्रजापत, प्रकाशी और जलवाई ने बताया कि उन्होंने कई बार अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। गर्मी के मौसम में यह परेशानी और बढ़ गई है। विद्युत आपूर्ति बंद होने पर लोगों को पानी की तलाश में दूर-दूर तक जाना पड़ता है। मजबूरी में निवासियों को निजी बोरवेल का सहारा लेना पड़ रहा है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग शामिल हुए। सभी ने जल्द से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग की है।