जयपुर। पुलिस ने गुरुवार शाम हथियारबंद दो बदमाशों को अरेस्ट किया है। जवाहर नगर थाना पुलिस के पीछा करने पर बचने के लिए दोनों बदमाशों ने पहाड़ी पर चढ़कर भागने का प्रयास किया। भागते समय गिरने पर दोनों बदमाशों के पैरों में चोट आने पर इलाज करवाया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा और दो कारतूस बरामद किए है। पुलिस ने बताया- आर्म्स एक्ट में बदमाश सूरज कुमार योगी (30) पुत्र धनसिंह निवासी पिलोदा सवाई माधोपुर हाल लूनियावास खोह नागोरियान और मुकेश कुमार (28) पुत्र रूप किशोर निवासी नगर डीग भरतपुर को अरेस्ट किया है। गुरुवार सुबह सीएसटी की ओर से बाइक सवार संदिग्ध चेन स्नेचरों की सूचना मिली थी। जवाहर नगर थाना पुलिस ने सूचना पर टीला नंबर-3 पर नाकाबंदी की। हुलिए के आधार पर बाइक सवार दो संदिग्ध को आते देखकर रुकवाने का इशारा किया गया। पुलिस को देखकर दोनों बदमाश बाइक मोड़कर भागने लगे।
पीछा करने पर दोनों बदमाशों ने बाइक को रास्ते में ही पटक दिया और पहाड़ी पर चढ़कर भागने लगे। पुलिस टीम ने दोनों बदमाशों का पीछा किया। भागने की कोशिश में पहाड़ी पर गिरकर दोनों बदमाश के पैर चोटिल हो गए। पुलिस टीम को दोनों बदमाशों की तलाशी में एक देसी कट्टा और दो कारतूस मिले। पुलिस ने पैरों में चोट लगने पर दोनों बदमाशों का हॉस्पिटल में इलाज करवाया। पुलिस ने इलाज के बाद दोनों आरोपियों को अरेस्ट किया। जिनके कब्जे से मिले अवैध हथियार को जब्त कर पूछताछ की जा रही है।