करौली। पुलिस ने हत्या के मामले में तीन साल से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी सागर सिंह ने अपने सगे भाई की हत्या की थी। इसके बाद गांव के अन्य लोगों पर झूठा मुकदमा दर्ज करवा दिया था। घटना 3 दिसंबर 2021 की है। मृतक भीमसिंह उर्फ लालू की मौत 9 दिसंबर 2021 को जयपुर में इलाज के दौरान हुई थी। मृतक के भाई राहुल सिंह ने शिकायत में गांव के वीरेन्द्र, रविन्द्र और मंजू देवी पर मारपीट का आरोप लगाया था।
करौली एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय के अनुसार, जांच में सामने आया कि हत्या मृतक के दो सगे भाइयों सागर सिंह और शिवसिंह ने की थी। दोनों ने जानबूझकर दूसरों पर झूठा मुकदमा दर्ज करवाया था। सदर थाना करौली के थानाधिकारी रामदीन शर्मा की टीम ने अजीतसिंह का पुरा गांव से सागर सिंह को गिरफ्तार किया है। आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस को भागते हुए आरोपी का पीछा करना पड़ा। दूसरा आरोपी शिवसिंह अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।