जोधपुर। नगर निगम दक्षिण के वार्ड 78 के सूर्य नगर में विद्युत विभाग की लापरवाही की वजह से यहां रहने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कई दिनों से यहां पर कम वोल्टेज की समस्या होने की वजह से घरों में बिजली उपकरण भी सही से नहीं चल रहे हैं।
कई घरों में बिजली उपकरण भी जल चुके हैं। इसको लेकर कॉलोनी के लोगों ने कई बार शिकायत भी की लेकिन डिस्कॉम के अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। वोल्टेज की समस्या इस कदर है कि कई बार रात के समय घरों में पंखे भी नहीं चल रहे हैं। गर्मी में लोगों को परेशान भी होना पड़ रहा है।
कॉलोनी के लोगों ने बताया- सूर्य नगर खसरा संख्या 331 वार्ड संख्या 78 जोधपुर दक्षिण में आता है। कॉलोनी में पिछले 4 सालों से कम वोल्टेज के चलते बिजली की समस्या उत्पन्न हो रही है। स्थानीय निवासी गणपत सिंह राजपुरोहित, डॉक्टर राम प्रकाश प्रजापत, ओम सिंह, गोपाल सिंह आदि ने कई बार बिजली विभाग के XEN चेतन शर्मा और उनके अधिकारियों को अवगत करवाया लेकिन अभी तक समस्या जस की तस बनी हुई है।
यहां पर करीब 1200 मकान बने हुए हैं। उन्होंने बताया कि कार्यालय के चक्कर काट कर थक चुके हैं लेकिन कम वोल्टेज की समस्या का कोई समाधान नहीं कर पा रहा है। इसके चलते घर में छोटे बच्चे भी परेशान हो रहे हैं।