उदयपुर। जिले की अंबामाता थाना पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जिसका झगड़ा किसी और से था, लेकिन विरोधी जैसी मिलती-जुलती शक्ल होने से चाकू किसी बेगुनाह को मार दिया। थानाधिकारी डॉ हनुवंत सिंह राजपुरोहित ने बताया कि आरोपी हिम्मत पिता किशन निवासी कर्मचारी कॉलोनी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने पुष्कर शर्मा नाम के व्यक्ति को गलती से चाकू मार दिया। उसका झगड़ा अन्य व्यक्ति से था। उस व्यक्ति की शक्ल पुष्कर से मिलती-जुलती थी। इसलिए चाकू मार दिया।
आरोपी के खिलाफ मारपीट व हत्या के प्रयास के 3 मामले पहले से दर्ज हैं। थानाधिकारी ने बताया कि प्रार्थी पिंटु देवी पत्नी पुष्कर ने थाने में रिपोर्ट कराई थी। जिसमें बताया कि उसके पति पुष्कर शर्मा हलवाई का काम करते हैं। वे 6 अक्टूबर 2024 को बेदला में खाना बनाने काम करके साथ में काम करने वालों को उनके घर छोड़ने के लिए निकले थे। साथ में काम करने वाले वेणीराम को उसके घर छोड़कर जब वापस आ रहे थे। तब बीच रास्ते में उसके पति के दोस्त दिनेश और नारायण मिल गए।
तभी अचानक एक युवक आया और पति को मुक्के मारने लगा। फिर पीठ में चाकू मार दिया। पत्नी ने पति का बचाव किया तो उसके हाथ पर भी चाकू से कट लग गया। पास खड़े नारायण और दिनेश ने आरोपी युवक को पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया। इधर, पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपी हिम्मत पिता किशन निवासी कर्मचारी कॉलोनी को गिरफ्तार किया गया। पुलिस आरोपी से आगे पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।