कोटा। शहर के नयापुरा थाना क्षेत्र में चंबल किनारे एक पेड़ पर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। शव को नीचे उतारकर एमबीएस हॉस्पिटल लाए। ड्यूटी डॉक्टर ने चेक कर उसे मृत घोषित किया। घटना शुक्रवार दोपहर साढ़े 3 बजे के आसपास की है। मृतक श्याम बिहारी (42) किशनगंज, थाना बूढ़ादित हाल गांवड़ी दुर्गा माता मंदिर नयापुरा इलाके में रहता था। आज परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। फिलहाल मौत के स्पष्ट कारण सामने नहीं आए।
पेड़ से लटका मिला
छोटे भाई नरेंद्र ने बताया कि श्याम बिहारी 7-8 साल से कोटा में किराए से रहता था। मंडी में मजदूरी करता था। उसकी 14 साल की बेटी साथ में रहती है। पत्नी की काफी समय पहले मौत हो चुकी। भतीजी ने बताया कि शुक्रवार दोपहर 1 बजे करीब श्याम बिहारी घर से निकला था। उसने बेटी से खाना बनाने की कहा था। दोपहर 3 बजे करीब भतीजी ने फोन करके श्यामबिहारी का शव पेड़ पर लटके होने की जानकारी दी।जिसके बाद परिवार सहित गांव से कोटा आए। तब तक शव को एमबीएस हॉस्पिटल की मोर्चरी में शिफ्ट करवाया जा चुका था। नयापुरा थाना हेड कॉन्स्टेबल भरत ने बताया कि युवक का शव चंबल किनारे पेड़ पर लटका हुआ मिला था। प्रारम्भिक तौर पर सुसाइड की जानकारी सामने आई है। परिजनों डिप्रेशन में होने की बात बताई। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जाएगी।