अलवर। दिल्ली-मुंबई सुपर एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे कार (वगैनार) पलटकर पुलिया के बीच में फंस गई। हादसे में कार सवार पति-पत्नी की मौत हो गई। वहीं उनकी बहन-बहनोई, भांजा-भांजी और बेटा घायल हो गए। सभी सोनीपत के रहने वाले हैं और मेहंदीपुर बालाजी के दर्शन करने जा रहे थे। हादसा अलवर में बडौदामेव के पास का है। घायलों को अलवर जिला हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। वहीं शव बड़ौदामेव सीएचसी में हैं। उनके परिजनों को हादसे की सूचना दी गई है। प्रारंभिक तौर पर सामने आया है कि कार चालक को नींद की झपकी आने पर बैलेंस बिगड़ा और दूसरी कार से टकराकर पलट गई।
बलेनो कार की टक्कर से पलटी वैगनआर
घायल सोनीपत के रहने वाले राजकुमार (38) ने बताया- वह पत्नी पूजा, बेटी दिव्यांशी (6), बेटे रुद्राक्ष (3) के अलावा अपने साले कमल और साले की पत्नी सिया व उनके बेटे चीकू के साथ मेहंदीपुर बालाजी दर्शन के लिए जा रहे थे। बडौदामेव के पास बलेनो कार से टकराने के बाद हमारी कार पलटते हुए आगे पुलिया के बीच खाली हिस्से में फंस गई।
3 साल पहले हुई थी शादी
कार पलटने पर उसमें सवार कमल और उनकी पत्नी सिया की मौत हो गई। वहीं उनका बेटा, बहन-बहनोई और भांजा-भांजी घायल हो गए। कमल प्राइवेट कंपनी में बतौर सुपरवाइजर काम करते थे। जिनकी 3 साल पहले ही शादी हुई थी। उनके एक बेटा है। जो उनके साथ ही कार में था। कमल का परिवार सोनीपत में तारा नगर में रहता है। उन्हें हादसे की सूचना दे दी गई है।
हादसे में पांच घायल
एबुलेंसकर्मी सचिन कुमार ने बताया- दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे पर एक्सीडेंट की सूचना पर पहुंचे। कार पुलिया में फंसी हुई थी। सभी को कार से निकालकर बड़ौदामेव सीएचसी लेकर गए। दो जनों की मौत हो गई थी। बाकी पांच घायलों को जिला हॉस्पिटल रैफर किया गया।
साला व पत्नी की मौत, बेटा घायल
कमल और साले की पत्नी सिया सोनीपत में तारा नगर में रहते हैं। कमल प्राइवेट कंपनी में बतौर सुपरवाइजर काम करता है। जिनकी 3 साल पहले ही शादी हुई थी। जिनके एक बेटा है। जो उनके साथ ही था। गंभीर घायल है। जिला अस्पताल में इलाज जारी है।