Explore

Search

January 17, 2025 7:30 pm


लेटेस्ट न्यूज़

वैभव गहलोत से किसान बोले-हमारे जैसे हुए तो मिलने आए : आपकी सरकार में भी धरने पर बैठे थे, भला किया होता तो फिर जीता देते

Picture of Pankaj Garg

Pankaj Garg

सच्ची निष्पक्ष सटीक व निडर खबरों के लिए हमेशा प्रयासरत नमस्ते राजस्थान

जालोर। जिले में किसानों ने वैभव गहलोत से कहा- हमारे जैसे हो गए तो समर्थन में मिलने आए हो। पिछली बार आपकी सरकार थी तब भी किसान धरने पर बैठे थे। आपके (कांग्रेस) नेताओं ने कहा था कि आप जो कहोगे, वही होगा और धरना खत्म कराया था। लेकिन आज तक किसानों की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

किसानों ने कहा- अगर गहलोत सरकार ने किसानों का भला किया होता तो हम उनको फिर से जीता देते। किसानों ने कहा- गहलोत सरकार के नेताओं ने खुद बोला था कि पानी दिलवा देंगे, लेकिन समाधान नहीं किया। अब हाथ में कुछ नहीं है। दरअसल, जवाई बांध के पानी पर जालोर का हक तय करने की मांग को लेकर पिछले 23 दिनों से कलेक्ट्रेट पर किसानों का महापड़ाव चल रहा है। जालोर-सिरोही लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रहे वैभव गहलोत बुधवार को धरनास्थल पर पहुंचे थे। उन्होंने करीब 30 मिनट तक किसानों से उनकी मांगों पर चर्चा की। वैभव गहलोत बुधवार को धरनास्थल पर किसानों से मिलने पहुंचे। उन्होंने करीब 30 मिनट तक किसानों से उनकी मांगों पर चर्चा की।

अमित शाह ने जवाई नदी को पुनर्जीवित करने की बात कही थी

भारतीय किसान संघ के जिला सहमंत्री जगाराम माली ऐलाना ने वैभव गहलोत से कहा- भाजपा या कांग्रेस नेता तो झूठ बोल देते हैं। इसके अलावा वे कुछ कर नहीं सकते। भारतीय किसान संघ के प्रांत उपाध्यक्ष खीमसिंह ने कहा- वे किसानों की मांगों को हाई लेवल तक रखें। जवाई बांध बनने के बाद जालोर जिले के किसानों को बड़ा नुकसान हो गया है। उन्होंने बताया- अभी कुओं (बेरों) में 700 से 800 फीट तक जलस्तर गिर गया है। इससे सिंचाई सहित पीने के लिए पानी की भी समस्या हो गई है। किसान लंबे समय से पानी की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछली बार भी गहलोत सरकार में धरना-प्रदर्शन किया गया था और सरकार से वार्ता की थी। सरकार ने कई आश्वासन दिए, लेकिन कोई समाधान नहीं किया। खीम सिंह ने कहा- साल भर पहले विधानसभा चुनाव के दौरान सायला में जनसभा में आए देश के गृह मंत्री अमित शाह ने जवाई नदी को पुनर्जीवित करने की बात कही थी। लेकिन सालभर बीतने के बाद भी कोई समाधान नहीं किया गया। ऐसे में मजबूर होकर यहां धरने पर बैठे हैं। जब तक हमारी मांग पूरी नहीं होती, तब तक धरना जारी रहेगा। उन्होंने कहा- जवाई बांध के नीति में जालोर और पानी के प्राकृतिक बहाव के लिए कोई नियम और नीति नहीं है। इसके लिए धरना स्थल पर बैठे हैं। किसानों ने वैभव से विपक्षी पार्टी के नाते विधानसभा में आवाज उठाने की मांग की। मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते कांग्रेस नेता वैभव गहलोत और किसान।

वैभव बोले- भाजपा सरकार ने किसानों का 1 साल बर्बाद किया

वैभव गहलोत ने कहा- किसान 23 दिन से सड़कों पर बैठे हैं। सरकार को किसानों की समस्या का समाधान करना चाहिए। कांग्रेस पार्टी हमेशा किसानों के साथ रही है। भाजपा के वरिष्ठ नेताओं ने यहां आकर वादे किए थे, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं निकाल पा रहे हैं। भाजपा सरकार ने किसानों का एक साल बर्बाद किया है। वैभव ने कहा- पिछली सरकार ने किसानों के द्वारा धरना प्रदर्शन के दौरान जवाई पुनर्भरण योजना की घोषणा की थी, जिसको आगे बढ़ाते तो यह समस्या कभी आती ही नहीं। वैभव ने किसानों के साथ मिलकर मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और किसानों की मांग को पूरा करने की मांग की।

 

Author: AKSHAY OJHA

namasterajsthan

Leave a Comment

Ads
Live
Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर