हनुमानगढ़। जंक्शन स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में शनिवार को कांग्रेस सेवादल के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न हुआ। समारोह के मुख्य अतिथि श्रीगंगानगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद कुलदीप इंदौरा थे।
विशिष्ट अतिथियों के रूप में जिला प्रभारी जिया उर रहमान, पीसीसी उपाध्यक्ष और संभाग प्रभारी जगदीश जांगिड़, पीसीसी महासचिव फूलसिंह ओला, राजस्थान युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष एवं विधायक अभिमन्यु पूनिया, संभाग प्रभारी विमल भाटी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सुरेंद्र दादरी, जिला प्रमुख कविता मेघवाल, पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल, नोहर विधायक अमित चाचाण, सूरतगढ़ विधायक डूंगरराम गेदर, श्रीकरणपुर विधायक रूपिंद्र सिंह कुन्नर और रायसिंहनगर विधायक सोहनलाल नायक, पूर्व राज्यमंत्री विनोद चौधरी, पूर्व विधायक सुचित्रा आर्य, भादरा विधायक प्रत्याशी अजीत बेनीवाल, पंचायत समिति प्रधान इंद्रा जाखड़ और नोहर प्रधान सोहन ढिल ने शिरकत की।
अतिथियों ने अश्विनी पारीक के समर्पण और कर्तव्य निष्ठा की प्रशंसा करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का शुभारंभ कांग्रेस सेवादल के ध्वज फहराने के साथ हुआ। इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह की आत्मिक शांति के लिए मौन धारण किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी जिया उर रहमान ने कहा कि अश्विनी पारीक का नाम कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ताओं में शुमार है।
उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी के साथ कदम से कदम मिलाकर पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाया। यह शपथ ग्रहण समारोह साबित करता है कि कांग्रेस पार्टी हर समर्पित कार्यकर्ता को सम्मान और अवसर प्रदान करती है। विधायक अभिमन्यु पूनिया ने कहा कि केन्द्र और राज्य सरकार की नीतियां पूरी तरह से जनविरोधी हैं। महंगाई और बेरोजगारी चरम पर है और आम जनता त्रस्त है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गांव-गांव और ढाणी-ढाणी जाकर पार्टी की रीति-नीति और सरकार की विफलताओं को उजागर करना चाहिए। पूनिया ने जोर देकर कहा कि कांग्रेस का संगठन जितना मजबूत होगा, जनविरोधी सरकार को सत्ता से उखाड़ फेंकने में उतनी ही सफलता मिलेगी।
सांसद कुलदीप इंदौरा ने कहा कि कांग्रेस सेवा दल का यह शपथ ग्रहण समारोह कार्यकर्ताओं में जोश और ऊर्जा भरने का काम कर रहा है। अश्विनी पारीक का समर्पण भाव पार्टी के प्रति अनुकरणीय है। यह समारोह दर्शाता है कि कांग्रेस कार्यकर्ता हर परिस्थिति में जनविरोधी नीतियों के खिलाफ खड़े होने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि अश्विनी पारीक की निष्ठा और समर्पण कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणा स्त्रोत है।
अश्विनी पारीक ने जताया आभार
कांग्रेस सेवादल के नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अश्विनी पारीक ने समारोह में उपस्थित सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पार्टी उनके लिए सर्वोपरि है। उन्होंने हमेशा पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को प्राथमिकता दी। पार्टी ने उन पर जो भरोसा जताया है, वे उसे पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से निभाएंगे। हनुमानगढ़ जिले में कांग्रेस भवन का निर्माण उनकी प्राथमिकता होगी।
पारीक ने कहा कि कांग्रेस सेवादल का हर कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर जनविरोधी नीतियों का विरोध करने और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए तत्पर है।