अजमेर। जिले के क्रिश्चियन गंज थाना क्षेत्र में महिला से लूट की कोशिश का मामला सामने आया है। बाइक सवार 2 बदमाशों ने महिला के गले से सोने की चेन तोड़ने का प्रयास किया था। लेकिन महिला ने चेन को पकड़ लिया और चेन हाथों में आ गई। तभी दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए। महिला की शिकायत पर क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस जांच में जुटी है।
क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस के अनुसार अभियंता नगर निवासी हेमा नागदेव ने थाने पर मुकदमा दर्ज करवाया है। महिला ने शिकायत देकर बताया कि वह अपने घर के सामने धूप में कुर्सी लगाकर बैठी थी। तभी उसके पति का फोन आया तो वह बातचीत करते हुए चल रही थी।
महिला ने बताया कि तभी उनकी गली में 2 बदमाश बाइक पर आए और उसके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ने का प्रयास किया। लेकिन उसने चेन को पकड़ लिया और वह हाथों में रह गई। उसने तुरंत चिल्लाया तभी बाइक सवार दोनों बदमाश मौके से भाग गए। क्रिश्चियन गंज थाना पुलिस ने महिला की शिकायत पर जांच शुरू कर दी है।