करौली। जिले के सपोटरा उपखंड के जोड़ली गांव में मंगलवार रात एक किसान की सरसों की फसल जलकर राख हो गई। यह घटना रात करीब 10 बजे की है। किसान रामदयाल मीणा ने अपनी 5 बीघा सरसों की फसल काटकर खलियान में रखी थी। फसल को सूखने और कुटाई के लिए इकट्ठा किया गया था। अचानक अज्ञात कारणों से खलियान में रखी फसल में आग लग गई।
आग की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने मिट्टी और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी भीषण थी कि फसल पूरी तरह जल गई। इस घटना से किसान को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। फसल के जल जाने से किसान और उनका परिवार बेहद दुखी है। रामदयाल मीणा ने सरकार और प्रशासन से आर्थिक मदद की गुहार लगाई है।