अजमेर। जिले के गंज थाना क्षेत्र में बुधवार रात बुजुर्ग महिला से ठगी का मामला सामने आया है। दो बदमाशों ने महिला को बातों में उलझा कर सोने के जेवरात लेकर फरार हो गए। महिला दूध लेकर अपने घर जा रही थी। महिला की शिकायत पर गंज थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बुजुर्ग महिला माया देवी ने बताया कि वह डेयरी से दूध लेकर घर जा रही थी। इस बीच एक युवक ने उन्हें रोका और किशनगढ़ जाने का रास्ता पूछा था। वहीं एक अन्य लड़का भी वहां पहुंच गया। बाद में दोनों बदमाशों के द्वारा उन्हें बातों में उलझाया गया।
महिला ने बताया कि दोनों बदमाशों के द्वारा उन्हें लालच देने की कोशिश की गई। बाद में उन्हें बातों में उलझा कर कुछ दूर अपने साथ ले गए। सुनसान जगह पर ले जाकर आधा तोले के सोने की अंगूठी और डेढ़ तोले की चूड़ी भी उतरवा ली। दोनों बदमाशों ने उन्हें नोटों का बंडल देने का लालच दिया था। बाद में दोनों बदमाश उन्हें नकली चूड़ी देकर उनके जेवरात लेकर फरार हो गए। महिला ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत गंज थाने में दी है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।