बारां। जिले में नगर परिषद द्वारा शहर का कचरा नियमित रूप से कचरा प्लांट पर ले जाया जाता है। रविवार रात को ग्रामीणों ने कचरा ले जा रहे ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि वाहन चालक तेज गति से गांव से होकर गुजरते हैं, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है। वार्ड पार्षद योगेंद्र मेहता के अनुसार, कचरा वाहनों से सड़कों पर गंदगी फैल रही है। इससे लोगों को बीमारियों का खतरा है। ग्रामीणों ने कई बार परिषद अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन कोई सुधार नहीं हुआ।
रविवार की घटना में एक इरीगेशन ठेकेदार का ट्रैक्टर-ट्रॉली कचरा प्लांट जा रहा था। वाहन से गिरते कचरे ने सड़कों को गंदा कर दिया। इस पर ग्रामीणों ने वाहन रोका और अधिकारियों को बुलाया। अधिकारियों ने जल्द समस्या का समाधान करने और कचरे के व्यवस्थित परिवहन का आश्वासन दिया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे आंदोलन करेंगे।