जयपुर। जिले में रोड एक्सीडेंट में एक महिला की मौत हो गई। ओवर स्पीड अज्ञात वाहन उसको टक्कर मारकर फरार हो गया। लहूलुहान हालत में महिला बेहोश अवस्था में पड़ी मिली थी। बगरू पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिए शव को SMS हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाया है। पुलिस मृतक महिला की पहचान के प्रयास कर रही है।
पुलिस ने बताया- हादसा जयपुर-अजमेर हाईवे पर हुआ। बड़ के बालाजी कट पर शुक्रवार को ओवर स्पीड अज्ञात वाहन महिला को टक्कर मारकर फरार हो गया। लहूलुहान हालत में रोड पर बेहोश हालत में महिला पड़ी मिली। राहगीरों की सूचना पर बगरू थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने गंभीर हालत में उसे SMS हॉस्पिटल में एडमिट करवाया। हॉस्पिटल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बगरू थाना पुलिस ने मृतका के पहचान के प्रयास किए। मृतका की शिनाख्त नहीं होने के कारण वारिसान का पता नहीं चल सका। पुलिस ने हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में शव को रखवाया है। पुलिस का कहना है कि मृतक महिला की उम्र करीब 50 साल, रंग-गेहुंआ, कद-5.4 फीट है। उसने भूरे रंग की प्रिंटेड साड़ी पहन रखी है। पुलिस मृतका की पहचान करने की कोशिश कर रही है।