अलवर। जिले में एक बार फिर कुत्तों ने एक मासूम पर हमला कर दिया। ट्यूशन से लौट रही 12 साल की बच्ची को करीब डेढ़ मिनट तक नोंचते रहे। बच्ची का एक पूरा कान खा गए, वहीं दूसरा कान आधा काट लिया। बच्ची के शरीर पर डॉग बाइट के करीब 50 से अधिक निशान मिले हैं, जबकि शरीर में करीब 70 टांके आए हैं। मासूम की हालत को देखकर डॉक्टर ने भी कहा कि यह भयावह मामला है। घटना अलवर के बगड़ तिराहा थाना क्षेत्र में मीणापुरा गांव में सोमवार शाम करीब साढ़े 5 बजे हुई। बच्ची की मां कांता देवी ने बताया कि मेरी बेटी छठी क्लास में पढ़ती है। वह स्कूल की छुट्टी के बाद ट्यूशन गई थी।
शाम 5 बजे ट्यूशन छूटने के बाद घर आ रही थी। घर से करीब एक किलोमीटर पहले खेत के पास 7 से 8 कुत्तों ने उसे घेर लिया और नोंचना शुरू कर दिया। मासूम के शरीर को कई जगहों से नोंचा, जिससे वो लहूलुहान हो गई। हम खेत में काम कर रहे थे। मासूम की चीख-पुकार सुनकर हम उसे बचाने दौड़ पड़े, लेकिन तब तक मासूम को कुत्तों ने 50 से अधिक जगहों से नोंच डाला था। अलवर जिला अस्पताल के डॉ. विवेक सैनी ने कहा- उनकी नजर में इतनी बुरी तरह डॉग बाइट का पहला मामला है। बच्ची के 50 से अधिक घाव है। मुंह, पीठ, जांघ और कमर से निचले हिस्से पर अधिक घाव है। मोटे तौर पर 18 से अधिक जगहों पर टांके लगे हैं। पूरे शरीर पर अलग-अलग जगह करीब 70 से अधिक टांके आए हैं। बालिका को रिकवर होने में 6 महीने का समय लगेगा।