कोटा। जिले में एक बारात में दूल्हे पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। भगदड़ में 2 से 3 बाराती भी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दूल्हे को तत्काल कोटा के एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया है। यह चौंकाने वाली घटना जिले के देवली मांझी थाना क्षेत्र के खाती खेड़ा गांव में हुई। ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने बताया कि यह मामला एक ही समाज के लोगों के बीच हुए विवाद का है। उन्होंने बताया कि परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हमलावर युवक दुल्हन के गांव का ही रहने वाला है। पुलिस झगड़े के कारणों की गहन जांच में जुटी हुई है।
दूल्हे के चचेरे भाई पवन ने बताया कि वे शुक्रवार को बारात लेकर चारचोमा के पास स्थित खातीखेड़ा गांव आए थे। रात करीब 9:45 बजे जब बारात दुल्हन के घर की तरफ जा रही थी, तभी दुल्हन के घर से लगभग 500 मीटर पहले 2-3 अज्ञात युवकों ने हंगामा कर दिया और घोड़ी पर सवार दूल्हे की पीठ पर चाकू से वार कर दिया। हमले के बाद दूल्हा घोड़ी से नीचे गिर गया। इस घटना के बाद बारात में अफरा-तफरी मच गई और भगदड़ में 2-3 बाराती भी घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दूल्हे लक्ष्मीनारायण को तत्काल कोटा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी पीठ पर दो गहरे घाव पाए गए हैं। फिलहाल हमलावर युवकों की पहचान नहीं हो पाई है और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की घटना इलाके में पहली बार हुई है, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।