Explore

Search

March 11, 2026 5:19 pm


बेटा घोड़ी चढ़ने की तैयारी में था, पिता की मौत, गाय को बचाने की कोशिश में ट्रेन से कटे

Picture of Pankaj Garg

Pankaj Garg

सच्ची निष्पक्ष सटीक व निडर खबरों के लिए हमेशा प्रयासरत नमस्ते राजस्थान

पाली। जिले में बेटे की बारात निकलने से आधा घंटे पहले पिता की मौत हो गई। हादसा रेलवे ट्रैक पर बैठी गाय को बचाने के प्रयास में हुआ। घटना मारवाड़ जंक्शन के आऊवा गांव में सोमवार सुबह 10:30 बजे की है। पुलिस के अनुसार सरकारी टीचर हनुमान प्रसाद (55) के बेटे दीपक की सोमवार (5 मई) को शादी थी। करीब 11 बजे बारात आऊवा से मेड़ता सिटी के लिए रवाना होनी थी। बारात के लिए कुछ लोगों को निमंत्रण देना बाकी रह गया था। ऐसे में हनुमान प्रसाद बारात रवाना होने से पहले कराड़ी गांव में शादी का कार्ड देने निकले थे। बताया जा रहा है कि आऊवा से करीब 6 किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक पर एक गाय को बैठा देखा। इस पर स्कूटी एक तरफ खड़ी कर वे गाय को हटाने के लिए चले गए। गाय को हटाते तभी मालगाड़ी आ गई और उसकी चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इधर, उनके घर पर बारात रवाना करने की तैयारी चल रही थी। सब हनुमान प्रसाद का इंतजार कर रहे थे। उन्हें परिवार के लोगों ने फोन भी किया, लेकिन किसी ने रिसीव नहीं किया।

इस हादसे की जानकारी मृतक की पत्नी अंजू जोशी, बेटे दीपक और तीनों बेटियों को रिश्तेदारों ने नहीं दी। हालांकि, बारात में महज 10 लोगों को ही लेकर जाना यह देख दूल्हे की मां अंजू जोशी को कुछ अच्छा नहीं लगा। वह बार-बार पूछ रही कि दीपक के पापा कहां है क्या वह बारात में नहीं जा रहे है। सिर्फ 10 लोग ही बारात क्यों लेकर जा रहे है। लेकिन रिश्तेदारों ने कोई दूसरा बहाना बनाकर उन्हें समझाया और शांत किया। इसके बाद दीपक की बारात रवाना हो सकी। सोमवार रात 8 बजे बिना किसी धूमधाम के दीपक की शादी हुई। इसके बाद परिवार को हादसे की जानकारी दी गई। मृतक 55 वर्षीय हनुमान प्रसाद जोशी कराड़ी गांव में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में कार्यरत थे। दीपक अभी कॉम्पिटिशन की तैयारी कर रहा है। हनुमान प्रसाद की दो बेटियां भी हैं, जिनकी शादी हो चुकी हैं। घटना को लेकर मृतक के भांजे दर्शन जोशी ने रिपोर्ट दी है। हनुमान प्रसाद का अंतिम संस्कार मंगलवार को किया गया।

Author: JITESH PRAJAPAT

Leave a Comment

Ads
Live
Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर