हनुमानगढ़। ट्रैक्टर व तोई लेकर खेत में घुसे पिता-पुत्रों ने नरमा की फसल पलट दी। पाइप व फव्वारा आदि को नुकसान पहुंचाया। गेहूं चोरी कर ली व खेत में रखवाली कर रहे युवक का अपहरण कर लिया। इस संबंध में रावतसर पुलिस थाना में पांच व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया गया है। पुलिस के अनुसार ओमप्रकाश (58) पुत्र रेवन्ताराम जाट निवासी खोडां ततहसील रावतसर ने रिपोर्ट के जरिए मुकदमा दर्ज करवाया कि उसके नाम से चक खोडां बारानी में 17 बीघा कृषि भूमि है। उसने अपनी कृषि भूमि में से 11 बीघा में नरमा फसल काश्त कर रखी है। उसका लड़का चन्द्रपाल रात्रि को खेत में ही रहता है। गुरुवार रात्रि को चुन्नीराम पुत्र पुरखाराम, उग्रसेन, रामेश्वर, श्रवण, नौरंगराम पुत्र चुन्नीराम कुम्हार निवासी खोडां ने ट्रैक्टरों के जरिए तोई मारकर 11 बीघा में खड़ी नरमा फसल को पलट दिया।
नरमा फसल में फव्वारा पद्धति की 80-82 तीन इंची पाइप व 40 फव्वारा को तोई चला कर कुतर दिया। शुक्रवार अल सुबह करीब चार बजे उसके लड़के जसवंत ने अपने भाई चन्द्रपाल को कृषि कनेक्शन चालू करने के लिए फोन किया तो फोन स्विच ऑफ था। जसवंत खेत गया और देखा कि 5-7 व्यक्ति ढाणी के बाहर झुंड बना कर बैठे थे और 8-10 व्यक्ति अन्दर बैठे थे। ढाणी के आगे एक बोलेरो गाड़ी खड़ी थी। इन सभी लोगों के हाथों में लाठियां-गन्डासी आदि हथियार थे। दूर से देखते ही चुन्नीराम व श्रवण ने उसके लड़के जसवंत को धमकी दी कि नरमा फसल को तो हमने पलट दिया, अगर तूं खेत में आया तो जान से मार देंगे। इस पर उसका लड़का डर के मारे गांव की तरफ भाग गया। तब तीन-चार व्यक्ति उसके लड़के के पीछे दौड़े। उसके लड़के ने भाग कर अपनी जान बचाई। ओमप्रकाश के अनुसार उसका लड़का चन्द्रपाल रात खेत गया हुआ था। वह रोज खेत में ही रखवाली करके सो जाता है। अब उसके लड़के चन्द्रपाल का न तो फोन मिल रहा है और न ही उसके लड़के का कोई पता लगा है। उसे आशंका है कि उसके लड़के चन्द्रपाल को इन लोगों ने अगवा कर गायब कर रखा है।