Explore

Search

March 4, 2026 6:09 pm


ड्रग सप्लाई की कोशिश नाकाम, 2 तस्कर गिरफ्तार; 6.93 ग्राम एमडीएमए जब्त

Picture of Pankaj Garg

Pankaj Garg

सच्ची निष्पक्ष सटीक व निडर खबरों के लिए हमेशा प्रयासरत नमस्ते राजस्थान

चित्तौड़गढ़। जिले के मंगलवाड़ थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इन दोनों के पास से 6.93 ग्राम अवैध एमडीएमए (ड्रग्स) बरामद की गई है। साथ ही जिस बाइक पर वे सवार थे, उसे भी जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि जिले में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत मंगलवाड़ थानाधिकारी भगवानलाल अपनी टीम के साथ गश्त कर रहे थे। उनके साथ एएसआई जगदीशचंद्र, कांस्टेबल राकेश कुमार, प्रेमाराम, टंवर सिंह, गजेन्द्र सिंह, गोमाराम और चंद्रशेखर भी मौजूद थे।

गश्त के दौरान पुलिस टीम मंगलवाड़ से उदयपुर की तरफ जाने वाले स्टेट हाईवे पर इंडियन पेट्रोल पंप के पास पहुंची। वहां पुलिस को एक बाइक पर दो युवक बैठे हुए नजर आए। जैसे ही उन्होंने पुलिस की गाड़ी को आते देखा, वे घबरा गए और बाइक को मोड़कर भागने की कोशिश करने लगे। इसी दौरान बाइक फिसलकर गिर गई और दोनों युवक भागने लगे। पुलिस ने तुरंत उन्हें घेरकर पकड़ लिया। पुलिस को उनकी हरकतें संदिग्ध लगीं, इसलिए दोनों की तलाशी ली गई। तलाशी में दोनों के पास से कुल 6.93 ग्राम अवैध एमडीएमए ड्रग बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने एमडीएमए और बाइक को जब्त कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपियों ने अपना नाम राजमल (35) पुत्र नारायणलाल खटीक और लक्ष्मणलाल (30) पुत्र प्रेमचंद गाडरी के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी राजमल के खिलाफ पहले से ही एनडीपीएस एक्ट के तहत एक मामला मंगलवाड़ थाने में दर्ज है। वहीं लक्ष्मणलाल के खिलाफ डूंगला थाने में दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये लोग एमडीएमए कहां से लाए थे और किसे सप्लाई करने जा रहे थे।

Author: JITESH PRAJAPAT

Leave a Comment

Ads
Live
Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर