अलवर। तेज रफ्तार कार ने मंदिर से लौट रहे बाइक सवार अकाउंटेंट और उनकी पत्नी को टक्कर मार दी। मौके पर ही दोनों की मौत हो गई। थोड़ी आगे जाकर कार भी पोल से टकरा गई। इसके ड्राइवर को लोगों ने पकड़ लिया और पुलिस के हवाले किया। हादसा अलवर के शिवाजी पार्क मोड़ पर सोमवार रात करीब 10 बजे हुआ।
पुलिस ने बताया- मरने वालों में शिवाजी पार्क निवासी सतीश विजय (52) और पत्नी पिंकी विजय (50) शामिल हैं। दोनों त्रिपोलिया महादेव मंदिर से दर्शन कर घर लौट रहे थे। घर से महज 100 मीटर दूर हादसा हो गया। दोनों का बुधवार को पोस्टमॉर्टम होगा। रूस से MBBS कर रहा बेटा अलवर आएगा। उसके बाद अंतिम संस्कार होगा। एक्सीडेंट करने वाला आरोपी ड्राइवर भी पास की कॉलोनी हसन खां का रहने वाला है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार तेज रफ्तार में थी। पहले उसने एक स्कूटी को टक्कर मारी। इसके बाद आगे चल रही बाइक सवार पति-पत्नी को चपेट में ले लिया। बाइक को टक्कर मारने के बाद कार पोल से टकराकर रुक गई। मौके पर इकट्ठे हुए लोगों ने कार के ड्राइवर अपूर्व को पकड़ लिया। उसे शिवाजी पार्क थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। देर रात अपूर्व पुत्र दीपक निवासी हसन खां मेवात नगर के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाकर अकाउंटेंट दंपती की हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। अकाउंटेंट का बेटा रूस में MBBS कर रहा है। बेटी की शादी हो चुकी है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। घर में दोनों पति-पत्नी अकेले ही रह रहे थे। पुलिस ने बेटी और बेटे को हादसे की सूचना दी है। बेटे के रूस से आने के बाद अंतिम संस्कार होगा।
एसएचओ विनोद सामरिया ने बताया कि कार ड्राइवर अपूर्व जैन (30) पुत्र दीपक कुमार जैन निवासी ए -54 हसन खां है। उसके पिता गुटखा व्यापारी है। हादसे के दौरान कार ड्राइवर नशे में था। उसने पीछे से बाइक को टक्कर दी है। आरोपी को अरेस्ट कर लिया गया। जिसके नाक पर चोट आई थी, जिसका उपचार कराया गया। कार में वो अकेला ही था, कार भी जब्त कर ली गई हैं। प्रत्यक्षदर्शी ढाबा संचालक मोंटी ने बताया कि टक्कर इतनी तेज थी कि सतीश विजय के सिर में गंभीर चोट लगी। वह टक्कर के बाद डिवाइडर पर गिरे। वहीं महिला पिंकी विजय साइड में दूर जाकर गिरी। लेकिन उसको पीछे से कार ने तेज टक्कर मारी। महिला की मौके पर मौत हो गई थी। वहीं गंभीर घायल सतीश ने अस्पताल पहुंचने से पहले दम तोड़ दिया।