अलवर। रात के समय महिला कहीं भी खुद को असुरक्षित महसूस करे या कोई खतरा पास लगे तो अपने मोबाइल से एक मैसेज भेजकर पुलिस की कालिका टीम को बुला सकेंगी। जिसके लिए सरकार ने पुलिस में कालिका यूनिट्स बना दी है। जिसमें 20 महिला कांस्टेबल रहेंगी। फिलहाल 5 स्कूटी आ चुकी हैं। कुछ कांस्टेबल जयपुर में ट्रेनिंग लेकर आएंगी। सोमवार कालिका यूनिट्स का शुभारंभ अलवर एसपी संजीव नैन सहित अन्य अधिकारियों ने पुलिस कंट्रोल रूम से किया। कालिका यूनिट्स में शामिल महिला कांस्टेबल का माल्यार्पण कर उनको स्कूटी देकर रवाना किया गया। अब यह टीम महिलाओं की शिकायत मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचेगी।
कालिका यूनिट्स की प्रभारी DYSP पूनम ने बताया कि कालिका पेट्रोलिंग यूनिट राजकोप ऐप के आधार पर काम करेगी। इसके लिए महिलाओं केा पहले राजकोप ऐप डाउनलोड करना होगा। उस ऐप में NEED HELP के नाम से ऑप्शन मिलेगा। जहां कोई भी महिला अपने मोबाइल से शिकायत कर सकती है। जैसे रात को कहीं कोई महिला अकेली है और उससे कोई छेड़छाड़ करने लगता है तो महिला अपने मोबाइल से ऐप पर शिकायत कर सकती है। उसकी शिकायत जयपुर कंट्रोल से सीधे अलवर आएगी। यहां आते ही कालिका टीम महिला की लोकेशन तक पहुंचकर उसे मदद कर सकेगी। ऐसा होने से महिलाओं को सुरक्षा मिलेगी। वे रात के समय भी आसानी से कहीं आ जा सकेंगी। किसी तरह का डर नहीं रहेगा।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस टीम में 20 कांस्टेबल होंगी। जिनको ट्रेनिंग देकर फील्ड में उतारा जाएगा। अभी 5 स्कूटी से शुरूआत कर दी है। आगे ये 10-10 की शिफ्ट में काम करेंगी। हम स्कूल व कॉलेजों में जाकर ऐप डाउनलोड करा रहे हैं। अभी तक 11 सौ से अधिक ऐप डाउनलोड कर लिया है।