भरतपुर। जिले के मथुरा गेट थाना इलाके में एक महिला ने सुजानगंगा नहर में कूदकर आत्महत्या कर ली। स्थानीय लोगों ने महिला को नहर में कूदते देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने सिविल डिफेंस की टीम बुलाकर शव निकलवाया। मथुरा गेट थाना पुलिस ने बताया- महिला थाना इलाके के एकता विहार कॉलोनी की रहने वाली सुशीला शर्मा (62) पत्नी ओमप्रकाश थी। सुसाइड के कारणों के बारे में अभी जानकारी नहीं है। जांच कर रही हैं।
पति ने कहा- सुसाइड की कोई वजह नहीं थी
पति ओमप्रकाश शर्मा ने बताया- आज सुबह सुशीला घर में ही थी। वह बाहर वाले बाथरूम में थी। अंदर वाले बाथरूम में बहू थी। मैं नहाकर कपड़े बदल रहा था और पूजा करने की तैयारी कर रहा था। इस दौरान सुबह 8.45 बजे पत्नी सुशीला किसी को बताए बिना घर से निकल गई। उसके सुजान गंगा में कूदने की सूचना मिली। ऐसी कोई बात ही नहीं थी। सब ठीक था। कल शाम 5 बजे उसे करवा चौथ व्रत के लिए कपड़े और चूड़ा दिलाकर लाया था। सभी लोग अपने दिनचर्या के कामों में लगे हुए थे। घर में किसी तरह की टेंशन भी नहीं है। सुसाइड क्यों किया, पता नहीं है।