Explore

Search

August 5, 2025 11:47 am


जोधपुर की परिणीति के आनंद महिंद्रा हुए फैन : 10 साल की लड़की के सूर्य नमस्कार का वीडियो शेयर किया, लिखा- मैं हीन भावना महसूस कर रहा हूं

Picture of Pankaj Garg

Pankaj Garg

सच्ची निष्पक्ष सटीक व निडर खबरों के लिए हमेशा प्रयासरत नमस्ते राजस्थान

जोधपुर। जिले की 10 साल की परिणीति के सूर्य नमस्कार अभ्यास को देखकर देश के जाने-माने उद्योगपति आनंद महिंद्रा भी हैरान हैं। उन्होंने परिणीति का वीडियो अपने X अकाउंट पर शेयर किया है। साथ ही लिखा है कि इन वीडियो को देखने से पहले मैं सूर्य नमस्कार काफी आत्मविश्वास से करता था। अब मैं काफी हीन भावना महसूस कर रहा हूं। आनंद महिंद्रा ही नहीं परिणीति के सूर्य नमस्कार व योग अभ्यास को लेकर हर कोई हैरान हो रहा है। कम उम्र में योग में इस तरह की महारथ से परिणीति चर्चा में है।

30 अक्टूबर को देखा परिणीति का सूर्य नमस्कार

कुछ दिन पहले ही उद्योगपति आनंद महिंद्रा ने अपने एक्स अकाउंट पर परिणीति के सूर्य नमस्कार अभ्यास का एक वीडियो शेयर किया था। इस वीडियो को आनंद महिंद्रा के करोड़ों फैंस ने देखा। आनंद महिंद्रा ने इस वीडियो के बारे में लिखा- मैं अपना दैनिक सूर्य नमस्कार बड़े आत्मविश्वास के साथ कर रहा था, 30 अक्टूबर को जब तक मैंने परिणीति का सूर्य नमस्कार नहीं देखा। अब मैं काफी हीन भावना महसूस कर रहा हूं।

कई दिग्गज कर चुके तारीफ

परिणीति के योग अभ्यास को इससे पहले योग गुरु रामदेव, सीएम भजनलाल शर्मा, पंजाब सीएम भगवंत मान, पूर्व सीएम अशोक गहलोत व वसुंधरा राजे सहित कई मंत्री देखकर हैरान हो चुके हैं। परिणीति के इस अभ्यास की तारीफ कर चुके हैं।

शिविर लगाकर लोगों को सिखाती भी है

परिणीति के पिता रामचंद्र विश्नोई ने बताया कि वह भागासनी गांव के रहने वाले हैं। परिणीति पिछले 4 साल से योग अभ्यास के शिविर लगा रही है। वह काफी छोटी थी, तब वह स्वामी रामदेव के वीडियो ही देखती रहती थी। योग करती रहती थी। पिता रामचंद्र ने इसी को देखते हुए परिणीति को योग करना सिखाया। अब परिणीति योग में इतना एक्सपर्ट हो चुकी है कि वह अब नि:शुल्क शिविर लगाकर लोगों को योग सिखाती है।

सोशल मीडिया पर काफी फैन हैं

परिणीति के पिता बताते हैं कि उसके योगाभ्यास को उन्होंने सोशल मीडिया पर शेयर कर रखा है। परिणीति के योगाभ्यास से सभी हैरान हैं और उसके लाखों फैन हैं।

स्कूल भी करवा रहा है नि:शुल्क शिक्षा

परिणीति जोधपुर से 13 किलोमीटर दूर लूणी तहसील के भागासनी गांव में रहती है। इनके पिता रामचंद्र विश्नोई डीपीएस स्कूल पाली रोड में योगा टीचर हैं। परिणीति इसी स्कूल की कक्षा 4 की स्टूडेंट हैं। परिणीति 4 भाई-बहन हैं। उसकी 2 बड़ी बहन सोनिया व भावना है। एक छोटा भाई दिव्यांशु है। परिणीति की मां कंचन विश्नोई हाउस वाइफ हैं। परिणीति के पिता रामचंद्र ने बताया कि योग को देखते हुए स्कूल की ओर से उसे (परिणीति) नि:शुल्क शिक्षा प्रदान की जा रही है।

बाबा रामदेव के साथ मंच पर किया था योग

6 महीने पहले योग गुरु स्वामी रामदेव बीकानेर आए थे। यहां उन्होंने परिणीति को भी योग के लिए बुलाया था। बाबा रामदेव ने परिणीति को अपने साथ ही मंच पर रखा था और योग करवाया था। उसी समय बाबा रामदेव ने परिणीति को सबसे कम उम्र की योग ट्रेनर बताया था।

मारवाड़ गौरव का सम्मान भी मिल चुका

परिणीति के पिता रामचंद्र विश्नोई ने बताया कि वह खुद परिणीति के सोशल मीडिया अकाउंट को हैंडल करते है। परिणीति के इंस्टाग्राम पर 6 लाख फॉलोवर है। सभी प्लेटफॉर्म को मिलाकर उसके 10 लाख फॉलोवर हैं। उन्होंने बताया कि परिणीति ने राजस्थान के अलावा पंजाब, हरियाणा, दिल्ली व एमपी में कई योग शिविर में ट्रेनर के तौर पर भाग लिया है। परिणीति को मारवाड़ गौरव का सम्मान भी मिल चुका है।

Author: JITESH PRAJAPAT

Leave a Comment

Ads
Live
Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर