Explore

Search

November 14, 2025 11:47 am


लेटेस्ट न्यूज़

डंपर ने एंबुलेंस को मारी टक्कर, 4 की मौत : पाली-जोधपुर हाईवे पर मरीज को एक एंबुलेंस से दूसरी में शिफ्ट करते समय हादसा

Picture of Pankaj Garg

Pankaj Garg

सच्ची निष्पक्ष सटीक व निडर खबरों के लिए हमेशा प्रयासरत नमस्ते राजस्थान

पाली। पाली-जोधपुर हाईवे पर हुए सड़क हादसे में भाई-बहन सहित 4 लोगों की मौत हो गई। मंगलवार रात करीब 2 बजे तेज रफ्तार डंपर ने एंबुलेंस को टक्कर मार दी। मौके पर ही 2 महिलाओं ने दम तोड़ दिया। 4 लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे। इसमें से इलाज के दौरान 2 और की मौत हो गई। हादसा पाली के रोहट थाना क्षेत्र के गाजनगढ़ टोल नाके के पास हुआ। टक्कर के बाद एंबुलेंस सवार उछलकर करीब 8 फीट दूर सड़क किनारे झाड़ियों में जा गिरे।

जोधपुर से मंगवाई थी दूसरी एंबुलेंस

रोहट (पाली) थाने के हेड कॉन्स्टेबल मल्लाराम ने बताया- गाजनगढ़ टोल नाके के निकट मंगलवार रात करीब 2 बजे भीषण हादसा हुआ। घायल अशोक बिश्नोई की हालत में सुधार होने पर परिजन उसे पालनपुर (गुजरात) के प्राइवेट हॉस्पिटल से जोधपुर हॉस्पिटल एंबुलेंस में ला रहे थे। इस दौरान गाजनगढ़ टोल नाके के पास एंबुलेंस से सड़क पर अचानक आया मवेशी टकरा गया। एंबुलेंस क्षतिग्रस्त हो गई। आनन-फानन जोधपुर से दूसरी एंबुलेंस मंगवाई गई।

मरने वालों में मरीज की रिश्तेदार भी

अशोक (मरीज) को दूसरी एंबुलेंस में शिफ्ट करने के दौरान खड़ी एंबुलेंस को तेज गति से आ रहे डंपर ने टक्कर मार दी। हादसे में मरीज की रिश्तेदार बाड़मेर जिले के बारासन (गुड़ा मालानी) निवासी मोहनी देवी (42) पत्नी जगराम विश्नोई, बाड़मेर जिले के गुड़ा मालानी क्षेत्र के उन्दरी (RCT) निवासी फगली देवी (45) पत्नी उदाराम विश्नोई, एंबुलेंस ड्राइवर सुनील बिश्नोई और अशोक के पिता हरिराम (53) पुत्र छोगाराम विश्नोई निवासी वाडानया, भादवी जिला जालोर गंभीर रूप से घायल हो गए। सबको पाली के बांगड़ हॉस्पिटल लाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने मोहनी देवी और फगली देवी को मृत घोषित कर दिया। शेष घायलों को जोधपुर रेफर कर दिया गया। जोधपुर में इलाज के दौरान एंबुलेंस ड्राइवर सुनील बिश्नोई और अशोक के पिता हरिराम ने बुधवार दोपहर दम तोड़ दिया। मोहनी देवी और फगली देवी की बॉडी पाली के बांगड़ हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में रखवाई गई है। दोनों अशोक की रिश्तेदार थीं। ड्राइवर और हरिराम की बॉडी जोधपुर हॉस्पिटल में है।

पालनपुर मिलने गई थीं दोनों महिलाएं

पुलिस ने बताया कि गत दिनों सड़क हादसे में जालोर जिले के वाडानया भादवी निवासी अशोक बिश्नोई (21) घायल हो गया था। उसका इलाज पालनपुर (गुजरात) हॉस्पिटल में चल रहा था। उससे मिलने मोहनी देवी और फगली देवी गई हुई थीं। मरीज को जोधपुर शिफ्ट करने के दौरान वे भी एंबुलेंस में सवार हो गईं। दोनों महिलाएं घायल अशोक की मौसी और बुआ बताई जा रही हैं।

Author: JITESH PRAJAPAT

Leave a Comment

Ads
Live
Advertisement
लाइव क्रिकेट स्कोर