भरतपुर (भुसावर)। भरतपुर जिले के भुसावर कस्बे में गुरुवार-शुक्रवार की देर रात चोरों ने गैस कटर से खिड़की और तिजोरी काटकर बैंक में चोरी की। भुसावर में भरतपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक मेन बस स्टैंड पर है। यह भुसावर थाने से महज 200 मीटर की दूरी है। इसके बावजूद चोरों ने गैस कटर से खिड़की की 12 ग्रिल काटी इसके बाद बैंक में रखी तिजोरी काटकर 8.14 लाख रुपए ले उड़े।
बैंक मैनेजर पवन तिवारी ने बताया- आज (शुक्रवार) सुबह बैंक का कैशियर यहां पहुंचा तो खिड़की की ग्रिल कटी हुई मिली। पुलिस की मौजूदगी में ताला खोलकर अंदर जाकर देखा तो पाया कि खिड़की की ग्रिल्स को गैस कटर से काटा गया था। बैंक में कैश कि तिजोरी को भी गैस कटर से काटा गया था।
बैंक कैशियर हरिप्रसाद ने बताया- मैं शुक्रवार सुबह 9.50 बजे बैंक पहुंचा। वहां मेन गेट के पास ही सामने की तरफ खिड़की है। मैंने देखा कि खिड़की की ग्रिल कटी हुई हैं। 12 जगह से ग्रिल काटी गई थी। 200 मीटर दूर ही थाना है। मैंने पहले बैंक मैनेजर पवन तिवारी को फोन किया। इसके बाद 2 लोगों को लेकर पुलिस थाने पहुंचा।
थाना इंचार्ज सुनील गुप्ता और जाप्ते के साथ लौटकर पुलिस की मौजूदगी में बैंक का ताला खोला गया। इसके बाद तिजोरी को संभाला तो उसे भी गैस कटर से काटा गया था। तिजोरी में दो बॉक्स थे। एक ऊपर और दूसरा नीचे। ऊपर वाले बॉक्स में 8 लाख 14 हजार 200 रुपए थे। चोर इसे काटकर पूरी रकम चोरी कर ले गए।
नीचे वाले बॉक्स में 1 लाख 1 हजार 985 रुपए थे जो बच गए। बैंक में कल 9 लाख 16 हजार 185 रुपए गिनकर रखे गए थे।
मामले में थाना इंचार्ज सुनील गुप्ता ने बताया- बैंक में चोरी की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। जानकारी ली और डॉग स्क्वायड समेत अन्य टीमों को बुलाकर सबूत जुटाए। पुलिस को बैंक के अंदर का एक सीसीटीवी मिला है जिसमें एक आरोपी नजर आ रहा है।
सीसीटीवी में नजर आए युवक के हाथ में हथियार जैसी चीज
बैंक अंदर लगे सीसीटीवी की डीवीआर में शुक्रवार सुबह एक फुटेज मिला है। यह रात 12.30 बजे के आसपास का है। इसमें सफेद हुडी पहने एक युवक बैंक के अंदर घूमते दिख रहा है। वह बैंक के सीसीटीवी को ढूंढता नजर आ रहा है। वह सीसीटीवी की तरफ देखा है। कुछ देर बाद सीसीटीवी का तार काट दिया जाता है।
युवक का चेहरा सीसीटीवी में साफ नजर आ रहा है। युवक के हाथ में कैंची या अन्य हथियार जैसी चीज नजर आ रही है। उसके हुलिए के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। इलाके के सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
मेन बस स्टैंड पर बैंक, थाने से 200 मीटर दूर
भरतपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक भुसावर में मेन बस स्टैंड पर है। साथ ही पुलिस थाना भी यहां से 200 मीटर की दूरी पर है। ऐसे में बदमाशों का बेखौफ होकर आना। गैस कटर लाना और 12 जगह से ग्रिल काटना पुलिस गश्त पर सवाल उठाता है।