बांसवाड़ा। शहर में हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया है। गत 21 दिसंबर की रात को अजय नामक व्यक्ति ने एक महिला पर अचानक फायरिंग कर दी थी। गंभीर रूप से घायल महिला नंदा को इलाज के लिए उदयपुर ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद से ही क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। मृतका के परिजनों ने आरोपी अजय पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
परिजनों का कहना है कि आरोपी ने जानबूझकर महिला पर फायरिंग की है और उसे जान से मारने की नीयत से यह वारदात को अंजाम दिया गया है। परिजनों ने आरोपी की गिरफ्तारी और उसे फांसी की सजा दिलाने की मांग करते हुए कलेक्ट्री पर प्रदर्शन किया।प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हुए और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि उन्हें न्याय मिलना चाहिए और आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब तक आरोपी को फांसी की सजा नहीं मिलती, तब तक वे शांत नहीं बैठेंगे.प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि इस मामले की जांच तेजी से की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस ने आरोपी की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।