धौलपुर। बरसाती सीजन से ही बाड़ी शहर की करीब आधा दर्जन कॉलोनी जल भराव से जूझ रही है। लोगों के घरों में पानी घुसने तक की नौबत आ रही है। स्थानीय उपखंड एवं नगर पालिका प्रशासन को कई बार कॉलोनियों के लोग लिखित में शिकायत पत्र दे चुके हैं, लेकिन जिम्मेदार बेखबर बने हुए हैं।
गुरुवार को दो दर्जन से अधिक लोग लामबंद होकर धौलपुर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंच गए। जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी को शिकायत पत्र दिया है। शिकायत पत्र में आरोप लगाते हुए स्थानीय नागरिक चंद्रकांत सिंह ने बताया कि बरसात के सीजन से ही शहर की महाराज बाग एवं मानसरोवर कालोनी समेत आधा दर्जन कॉलोनी जल भराव की चपेट में आ चुकी हैं। कॉलोनी में स्थानीय नगर पालिका द्वारा नाले एवं नालियों के निर्माण नहीं कराए हैं। बरसाती पानी एवं घरों का गंदा पानी कॉलोनियों में जमा हो रहा है। कॉलोनी के लोगों के घरों में पानी घुस रहा है। रास्ता नहीं होने से बुजुर्ग महिला एवं बच्चे फिसल कर घायल होते हैं। कॉलोनियों में दुर्गंध के हालात बन गए हैं। घरों में गंदा पानी घुसने से बीमारियां फैल रही हैं। कॉलोनी के लोग कई बार स्थानीय उपखंड प्रशासन एवं नगर पालिका को शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन कॉलोनी के लोगों की कोई भी सुध लेने को तैयार नहीं है। जिससे लोगों का नारकीय जीवन बन गया है।
स्थानीय उपखंड प्रशासन एवं नगर पालिका द्वारा ध्यान नहीं देने पर गुरुवार को करीब दो दर्जन लोग लामबंद होकर धौलपुर जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंच गए। धौलपुर पहुंचे लोगों ने जिला कलेक्टर को शिकायत पत्र दिया है। जिसके माध्यम से कॉलोनियों में नाला एवं सड़क निर्माण की मांग की है। उधर जिला कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने बताया कि संबंधित विभाग के अधिकारियों से वार्ता की जाएगी। कॉलोनी के लोगों को समस्या से निजात दिलाई जाएगी।