हनुमानगढ़। महिला एवं बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक पुष्पा रानी ने बुधवार को सेक्टर बी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की मासिक बैठक ली। इसमें पूरे माह करवाए गए कार्य और योजनाओं की जानकारी ली गई। महिला पर्यवेक्षक पुष्पा रानी ने बताया कि केन्द्र सरकार की ओर से प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना शुरू की गई है। इस योजना के तहत गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं के बैंक खाते में या फिर डाकघर खाते में सीधा 5000 रुपए की राशि मिलती है। इस संबंध में पांच जनवरी तक अभियान चल रहा है।
इसके तहत ऑनलाइन आवेदन अप्लाई करवाकर शत प्रतिशत महिलाओं को लाभ दिलवाया जाएगा। विभाग का प्रयास है कि कोई भी पात्र महिला न छूटे। उन्होंने बताया कि पहला टीकाकरण होने पर विभाग के पास संबंधित महिला का डाटा आ जाता है। वह लिस्ट कार्यकर्ता को दी जाती है। कार्यकर्ता उनसे सम्पर्क कर दस्तावेज एकत्रित करती है और उसे ऑनलाइन करने का कार्य करती हैं। इसके बाद उनका सत्यापन किया जाता है। तत्पश्चात भुगतान किया जाता है।
उन्होंने बताया कि कार्यकर्ता माह में जन स्वास्थ्य, अन्नप्राशन, गोद भराई आदि के दो कार्यक्रम करती हैं। इन पर कार्यकर्ता की ओर से स्वयं खर्च किया जाता है। बजट आने पर कार्यकर्ता को भुगतान किया जाता है। अब बजट के अभाव के कारण खातों में भुगतान नहीं हुआ है। बजट आते ही कार्यकर्ता के खाते में भुगतान करवा दिया जाएगा।