बांसवाड़ा। जिले का संभाग दर्जा खत्म करने के खिलाफ कांग्रेस की आक्रोश सभा हुई। सभा में पीसीसी चीफ गोविंद डोटसरा ने कहा- राजस्थान सरकार ने जिले और संभाग खत्म कर दिए, आपके काकाजी का राज है क्या? आप तो ट्रस्टी हो। वही नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि राजस्थान में ऐसी सरकार आई है, जिसने पिछली सरकार का दिया तोहफा जनता से छीन लिया।
राजस्थान सरकार की ओर से बांसवाड़ा का संभाग दर्जा निरस्त करने के विरोध में सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने बांसवाड़ा में धरना प्रदर्शन किया। यहां जिला कांग्रेस कार्यालय के बाहर जनसभा हुई। संभाग दर्जा खत्म करने के विरोध में जनसभा को पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने संबोधित किया।
पीसीसी चीफ बोले- पर्ची से संभाग खत्म कर दिया
कार्यक्रम में पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा- महेंद्र जीत मालवीया जब कांग्रेस में थे तो बांसवाड़ा को संभाग बनाए जाने पर ढोल बजाकर स्वागत किया था। उनकी नेतागिरी जनता की वजह से चमकी है। वे किसी भी पार्टी के साथ रहें, नेता का धर्म बनता है कि बांसवाड़ा का अधिकार कोई छीने तो ईंट से ईंट बजा दे। ऐसा माद्दा होना चाहिए। यह कांग्रेस की लड़ाई नहीं है, यहां के आदिवासियों, माताओं-बहनों, युवाओं और छत्तीस कौम के स्वाभिमान की लड़ाई है।
उन्होंने कहा- बांसवाड़ा के संभाग बनने से यहां के 36 कौम के लोगों को लाभ मिलने लगा था। लोगों को संभाग के काम से उदयपुर जाना पड़ता था। वे सारी सुविधाएं बांसवाड़ा में मिलने लगी थी। जिस धरती पर हरिदेव जोशी ने काम कराए, मानगढ़ में जहां आदिवासियों ने प्राण न्योछावर किए, उस धरती को नमन करने के बजाए भाजपा ने संभाग का दर्जा छीन लिया।
बांसवाड़ा को संभाग बनाने पर इनके (भाजपा) पेट में दर्द क्यों हो रहा है? क्या गलत किया था? बांसवाड़ा का संभाग बनने का अधिकार था। भाजपा ने इसे वापस छीन लिया, ये महंगा पड़ेगा।
डोटासरा ने कहा- बामनियाजी कह रहे थे कि एक नेता (महेंद्र जीत मालवीया) ने कहा था कि बांसवाड़ा से कांग्रेस खत्म हो जाएगी। उनकी बिसात ही क्या है, पीएम मोदी कह रहे थे कि कांग्रेस खत्म हो जाएगी लेकिन राहुल गांधी सीना तानकर संसद में खड़े हैं। हमारे अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे 87 साल की उम्र में पीएम मोदी और अमित शाह को चैलेंज करते हैं।
भाजपा ने राजस्थान में पर्ची से सीएम बना दिया। पर्ची से फैसले हो रहे हैं। संभाग खत्म कर दिया, जिले खत्म कर दिए, इंग्लिश मीडियम स्कूल, बच्चों की स्कॉलरशिप, बुजुर्ग पेंशन, मुफ्त राशन खत्म कर दिया। आपके काकाजी का राज है क्या, आप तो ट्रस्टी हो। सवा साल तो गया, धेले का काम किया हो तो बताओ।
टीकाराम जूली बोले- भाजपा के लोगों को गांव में घुसने नहीं देंगे
सभा को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष टीका राम जूली ने कहा- भाजपा सरकार ने बांसवाड़ा का संभाग दर्जा खत्म कर दिया। अब इनको सबक सिखाना है। आज तय करना होगा कि जब तक बांसवाड़ा को दोबारा संभाग नहीं बनाया जाएगा तब तक भाजपा के लोगों को गांव के अंदर घुसने नहीं देंगे।
यहां एक पार्टी और आई है। मैंने देखा कि उनके फोटो मोदी के साथ लगे हैं। ये लोग हममें फूट डाल रहे हैं। ये कांग्रेस को कमजोर करना चाहते हैं। राहुल गांधी इनके बाप से भी डरने वाला नहीं। राहुल गांधी कहते हैं डरो मत। आज हम बिना डरे संभाग के लिए लड़ेंगे।
विधायक अर्जुन सिंह बामनिया ने कार्यक्रम में पहुंचे दोनों नेताओं का स्वागत किया और तीर-कमान भेंट किया। कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता रैली के रूप में कांग्रेस कार्यालय से कलेक्ट्रेट जाएंगे। वहां राज्यपाल के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा जाएगा।
सभा में बांसवाड़ा विधायक अर्जुन बामनिया, विधायक नानालाल निनामा, विधायक रमिला खडिय़ा, जिलाध्यक्ष रमेशचंद्र पंड्या, कार्यकारी अध्यक्ष अब्दुल गफार, प्रभारी विधायक गणेश घोघरा के अलावा डूंगरपुर, प्रतापगढ़ के जिलाध्यक्ष एवं अन्य पदाधिकारी, ब्लॉक व अग्रिम संगठनों के कार्यकर्ता शामिल हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग भी शामिल हुए हैं।
बांसवाड़ा विधायक बामनिया बोले- भजन करने के लिए मजबूर कर दिया
बांसवाड़ा विधायक अर्जुन सिंह बामनिया ने कहा- डोटासरा ने गहलोत सरकार में रहते अंग्रेजी स्कूल खोले। भाजपा ने यहां से संभाग हटाकर वागड़वासियों को भजन करने के लिए मजबूर कर दिया है। अगर संभाग वापस नहीं दिया तो जनता सड़कों पर लड़ती रहेगी।
लोकसभा के फार्म भरे जा रहे थे, उस दिन कांग्रेस से भाजपा में जाने वाले नेता ने कहा था कि कांग्रेस की वो हालत करूंगा कि जाजम पर बैठने वाला नहीं मिलेगा, लेकिन डोटासराजी देखिए कितने लोग यहां बैठे हैं। मैं विश्वास दिलाता हूं कि पंचायत चुनाव में हम परचम फहराएंगे।
विधायक रमिला खड़िया बोलीं- लड़ाई लड़ने जुटे हैं
कांग्रेस विधायक रमिला खड़िया ने सभा को संबोधित करते हुए कहा- बांसवाड़ा संभाग को खत्म कर दिया गया है। इसके लिए हमारे नेता डोटासरा और जूली साहब यहां आए हैं। 18 महीने पहले गहलोत सरकार ने टीएसपी क्षेत्र के लोगों के लिए बांसवाड़ा संभाग बनाया था।
यहां अधिकारी भी आ गए थे, काम शुरू हो गया। अब भाजपा सरकार ने संभाग खत्म कर दिया। हम लड़ाई लड़ने के लिए आज जुटे हैं। हमें संभाग बचाना है। हम धरना और भूख हड़ताल के लिए तैयार हैं। कुशलगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अभ्यर्थी उदयपुर परीक्षा देने गए वाहनों पर उनके भी कई एक्सीडेंट हुए।
संभाग यथावत रहने से परीक्षा यहां हो सकती है। यह सरकार इंग्लिश मीडियम स्कूल भी खत्म कर रही है।
विधायक निनामा बोले-पंचायत स्तर तक आंदोलन ले जाएंगे
घाटोल विधायक नानालाल निनामा ने कहा-हम यह आंदोलन ब्लॉक और पंचायत स्तर तक ले जाएंगे। हम यहां से 4 विधायक जीते थे। मालवीया भाजपा में चले गए। तब लोगों ने कहा कि अब कांग्रेस खत्म हो जाएगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। इस पर्ची सरकार के खिलाफ हम लड़ते रहेंगे।
विधायक घोघरा बोले- भाजपा अमीरों की पार्टी
डूंगरपुर विधायक गणेश घोघरा ने कहा- कांग्रेस सरकार ने आदिवासियों के लिए काम किया। भाजपा अमीरों की पार्टी है। अडानी अंबानी की पार्टी है। हम आज जो कुछ भी हैं कांग्रेस की देन हैं। सभी से निवेदन है संभाग जब तक नहीं बने तब तक विरोध करेंगे। हमारे क्षेत्र की आरक्षण की मांग अब तक अधूरी है। जनसंख्या के अनुपात में आरक्षण चाहिए।
दिसंबर में राज्य सरकार ने निरस्त किए थे 3 संभाग
बता दें कि पूर्ववर्ती अशोक गहलोत सरकार ने 10 संभाग बनाए थे, इनमें बांसवाड़ा संभाग भी शामिल था। इसमें तीन जिले बांसवाड़ा, डूंगरपुर और प्रतापगढ़ को शामिल किया गया था। लेकिन दिसंबर 2024 में राजस्थान की भाजपा सरकार ने बांसवाड़ा समेत 3 संभाग को निरस्त कर दिया।