कोटा। जिले में बुधवार (22 जनवरी) को नीट स्टूडेंट ने अपने पीजी में सुसाइड कर लिया था। छात्रा अफ्शा शेख के परिजन आज अहमदाबाद (गुजरात) से कोटा पहुंचे। छात्रा की मां ने कहा- बेटी पढ़ाई में अच्छी थी। रविवार को टेस्ट सीरीज में पेपर देकर आई थी। उसके बाद से इसका बिहेवियर बदल गया। मां रोते हुए बोली कि बच्चे पागल है। पढ़ाई नहीं कर सकते तो आत्महत्या क्यों करते हैं ? अपने घर क्यों नहीं चले जाते।
बता दें कि जवाहर नगर थाना क्षेत्र के ओल्ड राजीव गांधी नगर कोचिंग छात्रा अफ्शा शेख पीजी में रहती थी। उसके सुसाइड के बाद कोटा आए परिजनों ने बिना पोस्टमार्टम के शव लिया। शव ले जाते हुए छात्रा की मां महमूदा शेख ने बताया- अभी 7 दिन पहले ही कोटा आई थी। 10 दिन से घर पर अहमदाबाद में ही थी। पढ़ाई में बहुत अच्छी थी। जून 2024 से कोटा की एक कोचिंग से नीट की तैयारी कर रही थी।
सुसाइड से पहली रात मां से की थी बात
मां ने बताया- आखिरी बार उससे 21 जनवरी को रात 9 बजे बात हुई थी। उसने बोला था कि मैं कल सुबह कोचिंग नहीं जाऊंगी। 10 बजे तक सोकर उठूंगी। तब मैं आपको फोन कर लूंगी। उसके बाद उसका फोन नहीं आया। किसी तरह की टेंशन भी नहीं थी। हर दिन मुझसे बात होती थी। रविवार को टेस्ट सीरीज में पेपर देकर आई थी। उसके बाद ही उसका बिहेवियर बदल गया था।
पिता कादर बक्श ने कहा- हमारी बच्ची पढ़ाई में अच्छी थी। रोजाना मां से बात करती थी। जवाहर नगर थाने से फोन आया। तब उसके सुसाइड का पता चला।