टोडाभीम (करौली)। करौली में 18 जनवरी को स्टेशन मास्टर युवक के भाई की मूंछ-बाल काटने वालों पर महापंचायत ने 11 लाख रुपए का जुर्माना लगाया। इसके साथ ही दो बिचौलियों पर भी एक-एक लाख रुपए का दंड लगाया गया। जुर्माना नहीं देने पर पूरे गांव को समाज से बहिष्कृत करने की चेतावनी दी गई।
दरअसल, सगाई की रस्म से ऐन वक्त पहले शादी से इनकार करना लड़की के परिवार को नागवार गुजरा था। लड़की पक्ष की ओर से स्टेशन मास्टर युवक के परिवार को बंधक बना लिया था। मारपीट के साथ स्टेशन मास्टर युवक के भाई की मूंछ-बाल भी काट दिए थे। नादौती थाना क्षेत्र में हुई इस घटना का वीडियो भी सामने आया था।
मामले को लेकर आज टोडाभीम के करीरी गांव में मीणा समाज की महापंचायत बुलाई गई। महापंचायत में दोनों पक्षों को बुलाया गया। स्टेशन मास्टर युवक के भाई ने बताया की मुझे कमरे में बंद कर दिया गया और रातभर मारपीट की। उसके बाद दाढ़ी-मूंछ और सिर के बाल काट दिए।
इसके बाद सगाई करवाने वाले बिचौलियों को बुलाया गया। बिचौलियों ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी महापंचायत को दी। पंचायत ने बिचौलियों से पूछा की आपने लड़के वालों को लड़की दिखाई है या नहीं तो बिचौलियों ने कहा कि हमने खुद ने भी लड़की को नहीं देखा, न ही लड़के वाले को दिखाया था। इधर लड़की पक्ष की ओर से महापंचायत में कोई भी व्यक्ति नहीं पहुंचा। लड़की पक्ष के नहीं पहुंचने पर शाम 4 बजे 21 सदस्यों की कमेटी का गठन किया गया। जिसने एक घंटे की चर्चा के बाद ये फैसला सुनाया।
लड़की पक्ष में निर्णय करने वाले पंचों को जाजम से बहिष्कृत किया
महापंचायत के सचिव उलूपुरा निवासी श्री मीना ने बताया कि लड़की पक्ष ने घटनाक्रम के बाद जो इकरारनामा किया था कि लड़का पक्ष लड़की पक्ष को 11 लाख रुपए देगा। साथ ही लड़के से कोई भी मीणा समाज का सदस्य शादी नहीं करेगा। इस निर्णय को खारिज कर दिया है।
वहीं लड़की पक्ष में निर्णय करवाने वालों 4 लोगों पर 1100-1100 रुपए का जुर्माना लगाया गया। इन चार पंचों को 5 साल के लिए पंचायत (जाजम) से बहिष्कृत किया गया। टोडाभीम निवासी रामनिवास की अध्यक्षता में लिए गए इस फैसले के खिलाफ जाने वाले लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई करने की बात कहीं गई।
ये था मामला
लड़के के भाई की मूंछ और बाल काटने की घटना नादौती थाना क्षेत्र में 18 जनवरी को हुई थी, जिसका एक वीडियो भी सामने आया था। लड़का टोडाभीम (करौली) का रहने वाला है और रेलवे में स्टेशन मास्टर है। स्टेशन मास्टर ने आरोप लगाया था कि- जिसकी फोटो दिखाई वह लड़की सगाई में नहीं थी। घटना के बाद 23 जनवरी को बैठक की गई थी। जिसमें 27 जनवरी को कुश्ती दंगल मैदान में महापंचायत करने का निर्णय लिया गया था।