अलवर। अलवर जंक्शन पर 45 साल के व्यक्ति की साइलेंट अटैक से मौत हो गई। जो दिल्ली से अपने भाई के निधन होने पर उनके 12वें में आए थे। यहां से वापस दिल्ली जाने के लिए जंक्शन आए। तभी उल्टी हुई और अटैक आ गया। अस्पताल लेकर आए तो डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। 15 जनवरी को अलवर में तूलेड़ा में भाई का निधन हो गया था। उसी कारण दिल्ली से भाई के 12वें पर आया था। वापस लौटते समय खुद की मौत हो गई। इस तरह दोनों परिवारों में मातम छा गया। घटना सोमवार शाम की है।
अलवर शहर के तूलेड़ा निवासी युवक जितेंद्र कुमार ने बताया कि 15 जनवरी को उसके पिता की मौत हो गई थी। जिसके कारण दिल्ली में रह रहे उसके चाचा रामचंद्र अलवर आए थे। पहले तूलेड़ा में रुके। पिता के 12वें के बाद वे रात दीवानजी का बाग में रह रही खुद की बहन के पास चले गए। सोमवार शाम को उनको ट्रेन से दिल्ली जाने के लिए बहन के घर से निकले। जैसे ही अलवर जंक्शन पर आए तो उनकी उल्टी आई और गिर गए। कुछ ही मिनट में अस्पताल ले आए। लेकिन यहां डॉक्टर ने मृत बताया। अंदेशा है कि उनको साइलेंट अटैक आया है।