अजमेर। साइबर ठगों को खाते उपलब्ध करवाने वाले गिरोह में शामिल 4 और स्टूडेंट्स को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से पुलिस ने 4 मोबाइल जब्त किए हैं। पुलिस चारों आरोपियों के मोबाइल ट्रांजैक्शन को खंगाल रही है। इन चारों आरोपियों से पुलिस को 5 करोड़ रुपए तक की चैट तक मिली है। हालांकि साइबर थाना पुलिस इसका विश्लेषण कर रही है।
बता दे की 2 दिन पूर्व साइबर थाना पुलिस ने इसी गिरोह के 4 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। जिनसे पूछताछ के बाद पुलिस ने अन्य चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साइबर थाना पुलिस सभी 8 आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।
आईपीएस श्रवण कांबले ने बताया कि पूर्व में गिरफ्तार 4 आरोपियों से पूछताछ के बाद गिरोह में शामिल सुभाष नगर भीलवाड़ा निवासी शुभम सिंह(23), शुभम खटीक(22), ललित सिंह(23) और हर्षित सिंह(23) को गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से 4 मोबाइल बरामद किए गए हैं। यह सभी आरोपी भी कमीशन पर अकाउंट खोलकर साइबर ठगों तक अकाउंट्स व सिम कार्ड बेचा करते थे। निचले लोगों को करीब 4 से 5 हजार का कमीशन देकर उनके डॉक्यूमेंट से अकाउंट और सिम कार्ड खुलवाकर आगे भेजते थे।
5 करोड़ से ज्यादा की चैट मिली
आईपीएस श्रवण कांबले ने बताया कि गिरफ्तार चारों अन्य आरोपियों की कॉल डिटेल्स और ट्रांजैक्शन सहित चैट्स खंगाली जा रही है। इनमें से एक आरोपी की चैट में 5 करोड़ से ज्यादा की चैट मिली है। हालांकि इसे लेकर विश्लेषण किया जा रहा है। यह सभी 4 आरोपी पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से 1 साल से कांटेक्ट में थे। सभी आपस में एक दूसरे को अकाउंट्स बेचने का काम करते थे। बाद में उन अकाउंट्स को आगे साइबर ठगी और अन्य गतिविधियों के लिए भेजा जाता था। आरोपियों के मोबाइल नंबर भी साइबर ठगी से जुड़े हुए हैं।
हर अकाउंट की एक अलग कीमत
आईपीएस श्रवण कांबले ने बताया कि हर अकाउंट की आरोपियों के द्वारा अलग कीमत रखी जाती थी। जिस अकाउंट में जितना बड़ा ट्रांजैक्शन होता है उस अकाउंट की कीमत सबसे ज्यादा होती है। प्रारंभिक जांच में यह सामने आया कि कोऑपरेटिव अकाउंट को यह सभी आरोपी 4 लाख रुपए में बेचा करते थे। सेविंग अकाउंट 50 हजार तो वही करंट अकाउंट को दो से तीन लाख रुपए में बेचा करते थे। इन चारों आरोपियों ने खुद के नाम पर भी 5 से 6 अकाउंट अलग-अलग बैंक में खुला रखे थे।
यह चारों आरोपी भी पढ़े लिखे
साइबर थाना पुलिस की जांच में यह सामने आया कि पकड़े जा रहे आरोपी सभी पढ़े लिखे हैं। गिरफ्तार शुभम सिंह बीए कर रखा है। शुभम खटीक 10वीं पास है। हर्षित सिंह 12th पास, तो वही ललित बीसीए पास है।