भरतपुर। जिले के मथुरा गेट थाना इलाके में एक 24 साल के युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। जिसके शव का आज पोस्टमार्टम करवाया गया है। आज युवक के घर में उसके ताऊ की लड़के की शादी है। युवक कल अपने ताऊ के घर पर हो रहे कार्यक्रम में डांस काट रहा था। इसी दौरान युवक की मां ने उससे खाना खाने के लिए कहा। युवक खाना खाने के लिए अपने घर गया और कमरे में जाकर फांसी लगा ली।
इस मामले पर मथुरा गेट थाना अधिकारी दुर्ग सिंह ने बताया कि रात 11 बजे सूचना मिली थी कि लाखन नाम के युवक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। आज युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। मृतक युवक के घर में शादी थी। वह डांस करके खाना खाने अपने घर गया और कमरे में जाकर पंखे के कुंडे से लटक कर आत्महत्या कर ली।
घटना के बारे में जब लाखन के पिता से फूलचंद से जानकारी लेनी चाही तो, उन्होंने कुछ भी कहने से मना कर दिया। वहीं जानकारी करने पर आसपास के लोगों ने बताया की कल रात करीब 9 बजे लाखन ने अपने घर के एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या की थी। 14 फ़रवरी को लाखन के ताऊ देशराज के लड़के लोकेश की शादी है। उसकी बारात आज आगरा जानी है। 12 दिन पहले ही लाखन की बहन पूजा की शादी हुई थी। लाखन के पिता फूलचंद घर के पास ही एक छोटी दुकान करते हैं। लाखन का बड़ा भाई जोगिंदर (36) मजदूरी करता है। लाखन भी दिहाड़ी मजदूरी करता था। लाखन के घर के बगल में ही उसके ताऊ देशराज का मकान है। कल रात जब वह अपने ताऊ के यहां हो रहे कार्यक्रम में डांस कर रहा था तो, उस दौरान उसकी मां पारो ने कहा था की घर जाकर खाना खा ले। जिसके बाद वह घर आया और उसने कमरे में पंखे के कुंडे से लटक कर फांसी लगा ली। इससे पहले भी लाखन घरेलू क्लेश के चलते फांसी लगाने की कोशिश कर चुका था लेकिन, समय रहते उसे उसके परिजनों ने बचा लिया था।