नागौर। नगर परिषद नागौर, अपना अमृता देवी पर्यावरण नागरिक संस्थान व पर्यावरण, गौ सेवा, ग्राम विकास गतिविधि के संयुक्त तत्वावधान में 9, 10 व 11 मार्च 2025 को एसकेएल कांकरिया स्कूल में हरित संगम मेले का आयोजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारी करने के लिए शारदा बाल निकेतन नागौर में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में अपना संस्थान राजस्थान के क्षेत्र संयोजक विनोद कुमार मेलाना ने बताया कि पर्यावरण गतिविधि की अखिल भारतीय कार्य योजना के अनुसार हरित संगम का आयोजन नागौर में किया जा रहा है। बता दें कि अपना संस्थान की स्थापना नागौर में ही राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सर संघ चालक डॉ. मोहन राव भागवत ने वृक्षारोपण करके की थी। अब नागौर में हरित संगम मेले का आयोजन होगा जिसमें जन जागृति के लिए प्रयास किए जाएंगे।
हरित संगम मेले में संगोष्ठी व विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। 3 दिवसीय आयोजन में विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताएं भी होगी। जो पारंपरिक ज्ञान, खानपान, लोक कला व संस्कृति आदि से संबंधित होंगी। मेले में देसी खानपान व परंपरागत घरेलू उपकरणों के स्टॉल भी लगेगी। परंपरागत कृषि उपकरणों का प्रदर्शन होगा। देसी जड़ी बूटियों की प्रदर्शनी लगेगी। देसी गाय का घी, घाणी का तेल, मिट्टी, लकड़ी व लोहे के परंपरागत खिलौने भी मिलेंगे। साथ ही चिकित्सा परामर्श दिया जाएगा। यज्ञ, हवन, योगासन व मलखंभ आदि की जानकारी दी जाएगी। हरित संगम मेले में महिलाओं के लिए विविध प्रकार की प्रतियोगिताएं होगी। विद्यार्थियों तथा बड़ी आयु के लोगों की प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। बैठक में सभापति मीतू बोथरा समेत पर्यावरण गतिविधि गौ सेवा ग्राम विकास गतिविधि, भारत विकास परिषद, भारतीय किसान संघ, क्रीड़ा भारती, संस्कार भारती, स्वदेशी जागरण मंच के कार्यकर्ता उपस्थित थे।