उदयपुर। जिले में अंबामाता स्थित यादव कॉलोनी वासियों ने क्षेत्र में मंदिर के जीर्णोद्वार को लेकर नगर निगम द्वारा दिए गए नोटिस को निरस्त कराने की मांग पर कलेक्ट्री पर प्रदर्शन किया। उन्होंने कलेक्टर नमित मेहता से निगम के नोटिस को निरस्त करने की मांग की। क्षेत्रवासी विजय यादव ने बताया कि कॉलोनी में यादव समाज के कुल देवता का वर्षों पुराना एक मंदिर है।
इस स्थान पर यादव समाज कई वर्षों से सेवा पूजा करता आ रहा है। मंदिर का हाल ही में जीर्णाेद्धार किया गया है। लेकिन मंदिर के पड़ोस में रहने वाले योगेन्द्र चंदेरिया ने जीर्णाेद्धार की शिकायत नगर निगम को कर दी। इस पर नगर निगम आयुक्त ने बीती 20 फ़रवरी को यादव समाज को नोटिस दे दिया।
जिसमें मंदिर में किए गए निर्माण कार्य को तुरंत हटाने की बात कही थी। नहीं हटाने पर कार्रवाई करने की चेतावनी दी थी। इस पर यादव समाज में भारी नाराजगी है। लोगों ने कलेक्टर से निगम का नोटिस निरस्त कराने की मांग की। ताकि समाजजन और कॉलोनीवासी मंदिर में नियमित रूप से सेवा पूजा की जा सके।