देवली (टोंक)। स्कूल जा रही नाबालिग छात्रा का किडनैप कर 2 युवक होटल ले गए और गैंगरेप किया। अश्लील वीडियो बनाए और वायरल करने व जान से मारने की धमकी दी। दुष्कर्म के बाद आरोपी छात्रा को वापस बस स्टैंड पर छोड़कर भाग गए। मामला टोंक के देवली थाना क्षेत्र का है। देवली थाना एसएचओ दौलतराम ने बताया- 15 वर्षीय 11वीं क्लास की छात्रा 25 फरवरी को सुबह 9:30 बजे अपने गांव से देवली स्कूल जा रही थी। बस स्टैंड पर अशोक खटीक (30) अपने साथी आजाद मीणा (29) के साथ पहले से मौजूद था। दोनों ने छात्रा को धमकाकर बाइक पर बैठाया और मोरला बाईपास स्थित एक होटल ले गए। जहां दोनों आरोपियों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
पीड़िता के पिता ने मंगलवार रात थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया-दुष्कर्म के दौरान आरोपियों ने होटल में बेटी के अश्लील वीडियो भी बना लिए। घटना के बारे में किसी को बताने पर अश्लील वीडियो वायरल करने व जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने दुष्कर्म करने बाद बेटी को देवली में छोड़कर फरार हो गए। देवली थाना एसएचओ दौलतराम ने बताया- छात्रा के पिता की रिपोर्ट पर दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार तलाश की जा रही है। वहीं घटनास्थल से भी मामले की जानकारी जुटाई गई। आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा। मामले की जांच देवली के डीएसपी रामसिंह को सौंपी गई है।